
बरेली । कैंट थाना क्षेत्र में एक छात्रा का पीछा कर अश्लील इशारे और हरकतें करने के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी पर छात्रा का घर तक पीछा करने और लगातार परेशान करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र की रहने वाली स्नातक अंतिम वर्ष की छात्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 मई की रात वह अपने पिता को चाबी देने के लिए एमईएस कार्यालय गई थी। लौटते समय सेट मारिया स्कूल के पास खड़े एक युवक ने उसे देखकर अश्लील इशारे किए और उसके पीछे लग गया। छात्रा का आरोप है कि युवक लगातार उसका पीछा करता हुआ उसके घर तक पहुंच गया। घबराहट और अंधेरा होने के कारण वह उस समय आरोपी की पहचान नहीं कर सकी।
कुछ दिन बाद छात्रा ने उसी युवक को दोबारा देखा और उसका चेहरा पहचान लिया। इसके बाद उसने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी और 29 मई को कैंट थाने पहुंचकर नामजद तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर छेड़छाड़ और अश्लीलता फैलाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी संजय धीर ने बताया कि आरोपी की तलाश में उसके घर पर दबिश दी गई, लेकिन वह फरार मिला। बाद में पुलिस ने आरोपी आसिफ निवासी सदर कैंट को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा, लेकिन पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं और छात्राओं से छेड़छाड़ तथा उत्पीड़न के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Posts
बरेली : फर्जी ट्रेडिंग ऐप का जाल, निवेशक से ठगे 49.43 लाख रुपये
समाजवादी पार्टी के बैनरों से आजम खान क्यों गायब? मुस्लिम नेतृत्व से दूरी या नई राजनीतिक रणनीति, उठ रहे बड़े सवाल
बरेली: SRMS मेडिकल कॉलेज में रैगिंग से परेशान एमडी छात्र ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग, 4 डॉक्टरों व प्रबंधन पर FIR