
बरेली/बदायूं। पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद से परेशान एक महिला ने कथित तौर पर जहर खाकर और हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। महिला ने प्रशासन पर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, कुसुमलता पुत्री ओमप्रकाश, मूल निवासी ग्राम सुंदरनगर, थाना बिल्सी, जिला बदायूं हैं। वर्तमान में वह ग्राम पड़ौआ, थाना सिविल लाइंस, बदायूं तथा बरेली के मढ़ीनाथ क्षेत्र स्थित गणेश नगर में रह रही हैं। कुसुमलता का कहना है कि उनके पिता ओमप्रकाश गंभीर रूप से बीमार और दिव्यांग हैं। उनके अनुसार, पिता द्वारा दानपत्र के माध्यम से उनके नाम की गई भूमि का राजस्व अभिलेखों में दाखिल-खारिज भी हो चुका है।
महिला का आरोप है कि ग्राम सुंदरनगर निवासी योगेंद्र पाल उर्फ कौशल, अमरपाल और सुनीता उनकी जमीन और मकान पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने कई बार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
कुसुमलता के अनुसार, उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय, जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन को भी शिकायतें भेजीं। उनका कहना है कि सुरक्षा और संपत्ति विवाद के समाधान के लिए लगातार गुहार लगाने के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिल सकी।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान महिला ने बताया कि संपत्ति विवाद के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें विभिन्न स्तरों पर परेशान किया गया और उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। साथ ही उनके खिलाफ दो मुकदमे भी दर्ज कराए गए।
महिला ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है। फिलहाल वह जिला अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में भर्ती हैं।
कुसुमलता ने चेतावनी दी है कि यदि कथित दबंगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो सकती हैं। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Related Posts
बरेली : अवैध तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार, सत्यापन न कराने पर मकान मालिक भी रडार पर
काम से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, चार नामजद पर मुकदमा
बरेली : दुष्कर्म व धमकी के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार