Categories

August 13, 2026

बरेली में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर प्राइवेट बस खाई में पलटी, 40 यात्री घायल, कई की हालत गंभीर

बरेली । थाना सीबीगंज क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर परधोली गांव के पास बृहस्पतिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से पीलीभीत जा रही एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे में लगभग 40 यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

बरेली के थाना सीबीगंज क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर परधोली गांव के निकट बीती रात करीब 3 बजे एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर लगभग 15 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही थाना सीबीगंज पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया।
हादसे में करीब 40 यात्री घायल हुए हैं। इनमें नगमा बी (35) पत्नी मोहम्मद परवेज, मोहम्मद परवेज (38) पुत्र मोहम्मद साबिर, उनकी मां सलमा तथा दो वर्षीय पुत्र मोहम्मद फैज भी घायल हो गए। सभी का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

परिजनों के अनुसार मोहम्मद परवेज अपने दो वर्षीय बेटे फैज का इलाज कराने दिल्ली गए थे। इलाज के बाद पूरा परिवार प्राइवेट बस से वापस अपने गांव लौट रहा था। परिवार मूल रूप से पीलीभीत जिले के पूरनपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव का रहने वाला है।

जानकारी के अनुसार हादसे में घायल लगभग 17 लोगों को बरेली के मिनी बायपास स्थित निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल सहित विभिन्न अस्पतालों में जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस चालक का वाहन से नियंत्रण हटने के कारण यह दुर्घटना हुई, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा ।

About The Author