
हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस में शनिवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े सिक्का कारोबार का खुलासा हुआ। शहर के नयागंज स्थित एक स्टेशनरी कारोबारी के घर और दुकान पर छापेमारी के दौरान करीब 700 किलोग्राम वजन के 5, 10 और 20 रुपये के सिक्के बरामद किए गए। बरामद रेजगारी की कीमत प्रारंभिक अनुमान के अनुसार 20 से 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसडीएम सदर राजबहादुर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में कारोबारी नवीन कुमार के नयागंज स्थित प्रतिष्ठान और हनुमान गली स्थित आवास पर एक साथ छापा मारा गया। करीब एक घंटे चली कार्रवाई में घर से 90 कट्टे और दुकान से 10 कट्टे सिक्कों से भरे मिले। प्रत्येक कट्टे का वजन लगभग 60 से 70 किलोग्राम बताया गया है। बरामद सिक्कों की संख्या इतनी अधिक थी कि प्रशासन ने उन्हें कट्टों में भरकर गिनती शुरू कराई।
दिल्ली के खारी बावली भेजे जाने की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कारोबारी बाजार से बड़ी मात्रा में सिक्के उनकी वास्तविक कीमत से करीब 15 प्रतिशत कम कीमत पर खरीदता था। इसके बाद इन्हें दिल्ली के खारी बावली बाजार समेत अन्य व्यापारियों को अधिक दाम पर बेचने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन को संदेह है कि इसके पीछे एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।
धातु निकालने या जमाखोरी के एंगल से जांच
प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में सिक्कों का इस्तेमाल धातु निकालने, जमाखोरी या किसी अन्य अवैध गतिविधि में तो नहीं किया जा रहा था। सिक्कों के स्रोत और उनके उपयोग की भी जांच की जा रही है।
आरबीआई अधिनियम के तहत हो सकती है कार्रवाई
एसडीएम सदर ने बताया कि बरामद सिक्कों की गिनती और जांच पूरी होने के बाद आरबीआई अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में सिक्कों की अवैध जमाखोरी, धातु के रूप में बिक्री या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की पुष्टि होती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्या कहते हैं आरबीआई के नियम?
आरबीआई के अनुसार सिक्के वैध मुद्रा हैं और बैंक उन्हें स्वीकार करने के लिए बाध्य हैं। हालांकि बड़ी मात्रा में सिक्के जमा कराने पर बैंक उनके स्रोत और गिनती से संबंधित जानकारी मांग सकते हैं। केवल बड़ी मात्रा में सिक्के रखना अपराध नहीं है, लेकिन यदि उनका उपयोग अवैध गतिविधियों में पाया जाता है तो कार्रवाई की जा सकती है।

Related Posts
गोरखपुर : PUBG में 3 लाख रुपये हारे 11वीं के छात्र ने रची अपने अपहरण की झूठी कहानी, AI से बनवाई ‘खून से लथपथ’ फोटो
बरेली : समय पर राजस्व टीम पहुंचती तो कलेक्ट्रेट तक नहीं पहुंचता मामला, पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार
बरेली : सुरक्षा के साथ सम्मान भी: शेरगढ़ पुलिस ने कांवड़ियों को बांटी टी-शर्ट