
बदायूं। सिविल लाइंस कोतवाली में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में हिरासत में लिया गया आरोपी सुरजन सिंह यादव पुलिसकर्मियों को चकमा देकर कोतवाली से फरार हो गया। कस्टडी से आरोपी के भागने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी अभिषेक कुमार की जांच रिपोर्ट और अनुशंसा के आधार पर ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक (दारोगा) सचिन, सिपाही सनी और सिपाही सत्येंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
यह है पूरा मामला
सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने जानलेवा हमले और मारपीट के गंभीर आरोप में सुरजन सिंह यादव को पकड़ा था। सोमवार शाम कोतवाली परिसर में सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की नजरों से बचकर आरोपी सुरजन सिंह यादव चकमा देकर भाग निकला। जब तक पुलिसकर्मियों को उसके फरार होने की भनक लगी, आरोपी क्षेत्र से निकल चुका था।
एसपी सिटी का रुख, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
एसपी सिटी अभिषेक कुमार ने बताया कि ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फरार आरोपी सुरजन सिंह यादव की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां लगातार दबिश दे रही है। दावा किया जा रहा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Related Posts
वाराणसी में 40 साल के यूरोलॉजिस्ट ने किया सुसाइड, कमरे में मिला शव
बरेली: कान्हा उपवन में सेवा को उतरे विहिप-बजरंग दल कार्यकर्ता, मेयर ने भी की साफ-सफाई
मायावती ने भतीजी दीपिका को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी का संकेत, परिवारवाद पर भी दो टूक