
2007-08 के CRPF कैंप हमले में सात जवान हुए थे शहीद, फांसी की सजा हाईकोर्ट ने की थी रद्द; जेल से छूटने के बाद गांव में रह रहा था मोहम्मद शरीफ
रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर में CRPF कैंप पर हुए आतंकी हमले के मामले में दोषी करार दिए गए मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। थाना खजुरिया क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद मोहम्मद शरीफ को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद शरीफ रामपुर के बदनपुरी गांव का रहने वाला था। 31 दिसंबर 2007 और 1 जनवरी 2008 की दरमियानी रात रामपुर स्थित CRPF कैंप पर हमला हुआ था। इस हमले में CRPF के सात जवान शहीद हो गए थे, जबकि एक रिक्शा चालक की भी जान चली गई थी। इस हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था।
इस मामले में मोहम्मद शरीफ को आरोपी बनाया गया था। वर्ष 2019 में रामपुर की सत्र अदालत ने उसे दोषी करार देते हुए फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि, फैसले के खिलाफ अपील के बाद अक्टूबर 2025 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने साक्ष्यों की कमी और मामले में सामने आई खामियों के आधार पर उसकी फांसी की सजा रद्द कर दी थी।
मामले में अन्य आरोपियों को भी निचली अदालत से सजा सुनाई गई थी। हाईकोर्ट ने पांचों आरोपियों की सजा निरस्त करते हुए मामले में कानूनी खामियों और साक्ष्यों पर सवाल उठाए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, मोहम्मद शरीफ करीब सात साल की सजा काटने के बाद जेल से बाहर आया था और अपने गांव बदनपुरी में रह रहा था।
जेल से छूटने के बाद हुई हत्या
बताया जा रहा है कि जेल से रिहा होने के बाद मोहम्मद शरीफ गांव में ही रह रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Related Posts
शहीद सूबेदार की पत्नी निर्मल देवी छह महीने से मुआवज़े के लिए भटक रहीं, बेटी की शादी की चिंता ने बढ़ाई परेशानी
जेल की सलाखें भी नहीं रोक सकीं भाई-बहन के प्यार का पर्व, जिला जेल में बहनों ने भाइयों को किया तिलक
दिवाली पर बरेली को विकास का बड़ा तोहफा, CM डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रदेश में नंबर-1