Categories

November 13, 2026

शहीद सूबेदार की पत्नी निर्मल देवी छह महीने से मुआवज़े के लिए भटक रहीं, बेटी की शादी की चिंता ने बढ़ाई परेशानी

शासन से मुआवज़े की धनराशि स्वीकृत होने के बावजूद भुगतान नहीं होने का आरोप, जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग।

बरेली। देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले स्वर्गीय शहीद सूबेदार प्रेमपाल सिंह के परिवार को आज अपने ही हक का पैसा पाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उनकी पत्नी निर्मल देवी की जमीन बदायूं रोड निर्माण परियोजना के लिए अधिग्रहित की गई थी, लेकिन छह महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उन्हें अभी तक मुआवज़े की धनराशि नहीं मिल सकी है।

निर्मल देवी का आरोप है कि शासन स्तर से मुआवज़े की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है, इसके बावजूद जिले में तैनात एसएलए अधिकारी के स्तर पर उनका भुगतान रोका जा रहा है।

सबसे दुखद बात यह है कि शहीद सूबेदार की पत्नी को अपनी बेटी की शादी की तैयारियों के लिए भी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अपने ही हक की धनराशि पाने के लिए उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

एक तरफ देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के सम्मान की बात की जाती है, वहीं दूसरी तरफ उनके परिवार को अपनी अधिग्रहित जमीन का मुआवज़ा पाने के लिए इतनी लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।

अब सवाल जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से है कि जब शासन से धनराशि स्वीकृत हो चुकी है, तो आखिर छह महीने से भुगतान क्यों लंबित है?

निर्मल देवी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर उनका स्वीकृत मुआवज़ा जल्द से जल्द दिलाया जाए, ताकि बेटी की शादी सहित परिवार की आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके।

शहीद के परिवार को सम्मान और न्याय मिलना चाहिए। उनके हक का पैसा दिलाने में देरी आखिर कब तक?

About The Author