
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव (50) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद बाइक सवार तीनों आरोपी वाराणसी की ओर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, हंडिया थाना क्षेत्र के मुगरांव गांव निवासी पवन यादव मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे अपनी कार से हंडिया कस्बे पहुंचे थे। कर्मनाशा मोहल्ले में उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की और पास के एक कैफे में दोस्तों से बातचीत करने चले गए।
करीब दो घंटे बाद शाम लगभग 5:20 बजे पवन कैफे से बाहर निकले और अपनी कार के पास पहुंचे। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। उन्होंने कार के पास बाइक की रफ्तार धीमी की और पीछे बैठे बदमाश ने पवन को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली उनकी पीठ में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
वारदात के बाद वाराणसी की ओर भागे आरोपी
गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल पवन यादव को हंडिया के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें टैगोर अस्पताल रेफर किया गया, जहां से डॉक्टरों ने एसआरएन अस्पताल रेफर किया। एसआरएन पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद तीनों बदमाश बाइक से वाराणसी की ओर भाग निकले। घटनास्थल हंडिया थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर बताया गया है।
मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच
पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल, मैसेज और अन्य जानकारियों के जरिए घटना से पहले पवन यादव के संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
पुराना विवाद भी जांच के दायरे में
पुलिस हत्या के पीछे पुराने विवाद की आशंका को भी जांच का हिस्सा बना रही है। मृतक के परिजनों और करीबियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पवन यादव की किसी व्यक्ति से हाल में कोई कहासुनी, विवाद या धमकी का मामला तो नहीं हुआ था।
डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत के मुताबिक आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किए जाने की बात कही गई है।
पवन यादव पूर्व ग्राम प्रधान भी रह चुके थे और वर्तमान में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव बताए गए हैं। उनकी हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

Related Posts
‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत छह जिलों में 317 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण,गंभीर खामियों पर लाइसेंस निलंबन की संस्तुति
बरेली: SSP कार्यालय में महिला ने खुद पर डाला तेल, आत्मदाह की कोशिश की; साजिश रचने के आरोप में दो गिरफ्तार
बरेली : DM ने स्कूटी की पेशकश की, छात्रा बोली—“साहब, मुझे मेरी साइकिल दिला दीजिए”