Categories

October 20, 2026

बरेली: पहले त्योहारों से पहले होते थे दंगे, अब दंगाई जेल में मना रहे उर्स: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

बरेली में शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में मुख्यमंत्री ने किया शिक्षक मतदाताओं से संवाद, सपा पर साधा निशाना

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में शिक्षक मतदाताओं से सीधा संवाद किया। अपने संबोधन में उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि पहले त्योहारों से पहले दंगे होते थे, जबकि अब दंगाई जेल के अंदर उर्स मना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब दंगा और कर्फ्यू मुक्त हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने शाहजहांपुर के अमर शहीदों पंडित रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह को नमन करते हुए कहा कि इन क्रांतिकारियों का देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के नेताओं को शहीदों के नाम तक की जानकारी नहीं थी। शिक्षा के मुद्दे पर सपा को घेरते हुए उन्होंने कहा कि तत्कालीन शिक्षा मंत्री को पंडित रामप्रसाद बिस्मिल और उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के बीच का अंतर तक मालूम नहीं था। उनके मुताबिक, समाजवादी पार्टी का शिक्षा से दूर-दूर तक संबंध नहीं रहा।

सपा सरकार पर माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप

योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी का संबंध शिक्षकों, महिलाओं और व्यापारियों के बजाय गुंडों, माफियाओं और अपराधियों से रहा है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौरान मुख्यमंत्री आवास में शिक्षकों के बजाय गैंगस्टरों और दंगाइयों को बुलाया जाता था। उन्होंने सपा नेताओं पर माफिया की मौत के बाद उनकी कब्र पर जाकर फातिहा पढ़ने का भी आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब माफिया और अपराधी पुलिस की गाड़ी देखते ही डर जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में ‘एक जिला, एक माफिया’ की स्थिति थी, जबकि वर्तमान सरकार ने ‘एक जिला, एक उत्पाद’ जैसी योजनाओं को बढ़ावा दिया है। उन्होंने ‘एक जिला, एक कुजीन’ की पहल का भी उल्लेख किया।

साढ़े नौ साल में साढ़े नौ लाख लोगों को नौकरी देने का दावा

रोजगार और आर्थिक विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में साढ़े नौ लाख लोगों को नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा का जिक्र करते हुए कहा कि प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और शिक्षामित्रों को भी इसका लाभ दिया गया है।

उन्होंने प्रदेश में सुरक्षा बीमा योजना का लाभ दिए जाने तथा स्कूलों में कार्यरत रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की बात भी कही। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने शाहजहांपुर में स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय और मुरादाबाद में गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय की स्थापना का जिक्र किया।

शिक्षक मतदाताओं से उचित प्रतिनिधि चुनने की अपील

मुख्यमंत्री ने शिक्षक एमएलसी चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उचित प्रतिनिधि का चयन विकास की नई इबारत लिखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में शिक्षक मतदाताओं से संवाद किया और चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जीत का विश्वास जताया।

अपने संबोधन के समापन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

About The Author