
इंदौर। शहर में क्रिप्टो और फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर करीब ढाई करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में मुख्य आरोपी हरप्रीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, हरप्रीत कौर और जिया वाधवानी समेत आठ से नौ महिलाओं पर लोगों को निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप है। आरोपियों ने लोगों को 100 दिनों में रकम दोगुनी करने का लालच देकर निवेश करवाया। शुरुआत में कुछ निवेशकों को छोटा-मोटा रिटर्न भी दिया गया, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी महिलाओं ने पहले सोशल नेटवर्किंग और किटी पार्टियों के जरिए बड़े घरानों की महिलाओं से मेलजोल बढ़ाया। इसके बाद उन्हें क्रिप्टो और फॉरेक्स ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर निवेश कराया गया। कई महिलाओं ने बड़ी रकम निवेश कर दी। एक महिला को भारी निवेश के बदले हाईटेक कार गिफ्ट करने का भी लालच दिया गया था।
पुलिस के मुताबिक, निवेशकों से ली गई रकम किसी भी प्रकार की ट्रेडिंग में नहीं लगाई गई। कुछ समय बाद सभी आरोपियों ने लोगों से संपर्क तोड़ लिया और मोबाइल फोन बंद कर दिए। शिकायत मिलने पर क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की। जांच के दौरान कई लोगों को बयान के लिए बुलाया गया, लेकिन आरोपी पक्ष के कई लोग उपस्थित नहीं हुए और सही जानकारी भी नहीं दी गई।
क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हरप्रीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क के जरिए कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया।

Related Posts
भोपाल: इलेक्ट्रिक एयर मैट्रेस में धमाका, झुलसे 88 वर्षीय बुजुर्ग की मौत