Categories

June 13, 2026

दक्षिण दिल्ली में पांच मंजिला इमारत ढही, 4 की मौत; 16 घंटे से अधिक समय तक चला राहत एवं बचाव अभियान

नई दिल्ली । दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के निकट स्थित एक पांच मंजिला इमारत के ढह जाने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दमकल विभाग, पुलिस और अन्य एजेंसियों द्वारा 16 घंटे से अधिक समय तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।

अधिकारियों के अनुसार, हादसे में अब तक 10 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दुर्घटनाग्रस्त इमारत में कोचिंग संस्थान, कैफे और विभिन्न कार्यालय संचालित होते थे। घटना के समय ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य भी चल रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इमारत कुछ ही क्षणों में भरभराकर गिर गई। मलबे के नीचे दबे लोगों की चीख-पुकार सुनाई दे रही थी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में धूल का घना गुबार छा गया। इमारत का मलबा पास स्थित टिन शेड कैंटीन पर भी गिरा, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र अक्सर आते-जाते थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कार्यदिवसों में इमारत में लगभग 200 से 300 लोग मौजूद रहते थे। सप्ताहांत होने के कारण बड़ी जनहानि टल गई। राहत टीमों ने भारी मशीनरी, हाइड्रोलिक कटर, विक्टिम लोकेशन कैमरे और स्निफर डॉग्स की मदद से खोज एवं बचाव कार्य जारी रखा।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा कर बचाव कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए महरौली थाने में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। साथ ही दक्षिण जिला मजिस्ट्रेट की निगरानी में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं।

पुलिस ने इमारत के मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या (कुलपेबल होमिसाइड) का मामला दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने आसपास की जर्जर एवं खतरनाक इमारतों का सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा दोषी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author