Categories

September 25, 2026

दिल्ली में नाबालिग से गैंगरेप के बाद LSR कॉलेज में फिजिकल क्लास बंद, ऑनलाइन पढ़ाई शुरू

नई दिल्ली। दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर विमेन (LSR) ने मंगलवार दोपहर से फिजिकल क्लासेज बंद कर ऑनलाइन पढ़ाई शुरू कर दी। यह फैसला कालकाजी इलाके के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग से कथित गैंगरेप और उसके बाद कॉलेज के पीछे गेट के पास हुई पुलिस मुठभेड़ की घटना के बाद लिया गया।

कॉलेज के पीछे गेट के पास पुलिस मुठभेड़

पुलिस के मुताबिक, मामले के आरोपियों में शामिल आसिफ को पकड़ने की कोशिश के दौरान अमर कॉलोनी इलाके में पुलिस टीम पर गोली चलाने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि गोली एक हेड कांस्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे आसिफ के पैर में चोट लगी। मुठभेड़ LSR कॉलेज के पिछले गेट से करीब 50 मीटर की दूरी पर हुई।

घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल फिजिकल कक्षाएं बंद कर ऑनलाइन कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया।

17 वर्षीय नाबालिग से कथित गैंगरेप

पुलिस के अनुसार, 17 वर्षीय लड़की सोमवार शाम अपने एक पुरुष मित्र के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। इसके बाद दोनों आस्था कुंज पार्क पहुंचे। आरोप है कि वहां तीन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को रोका और लड़की को उसके दोस्त से अलग कर सुनसान स्थान पर ले गए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने लड़की के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया और दोनों को धमकाया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है।

छात्राओं में बढ़ी सुरक्षा को लेकर चिंता

घटना और पुलिस मुठभेड़ के बाद LSR कॉलेज तथा आस्था कुंज पार्क के आसपास रहने वाली छात्राओं में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कुछ छात्राओं ने अस्थायी रूप से घर लौटने की बात कही है, जबकि कई छात्राएं अकेले आने-जाने से बच रही हैं और समूह में कॉलेज आने-जाने की कोशिश कर रही हैं।

कॉलेज प्रशासन ने कहा है कि छात्राओं की सुरक्षा और उनके मानसिक-सामाजिक कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। जरूरत पड़ने पर फैकल्टी मेंटर्स और काउंसलर्स को छात्रों के लिए उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं।

स्टूडेंट यूनियन ने बुलाई आपात बैठक

LSR स्टूडेंट यूनियन ने मंगलवार रात 9 बजे ऑनलाइन इमरजेंसी जनरल बॉडी मीटिंग बुलाई। बैठक में छात्राओं की सुरक्षा, उनकी चिंताओं और कॉलेज के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई।

यूनियन की ओर से कॉलेज प्रशासन के सामने कैंपस की बाहरी सीमा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुद्दे उठाए जाने की बात कही गई है।

नाबालिग से जुड़े यौन अपराध के मामले में पीड़िता की पहचान उजागर करने वाली कोई जानकारी प्रकाशित नहीं की गई है।

 

About The Author