
बरेली/फरीदपुर । थाना फरीदपुर क्षेत्र के एक गांव में 13 माह की मासूम बच्ची के साथ कथित रूप से दुष्कर्म के प्रयास का बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। घटना के करीब 15 दिन बाद जब पीड़िता की मां को मामले की भनक लगी, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। मां की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सलीम के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
भाई की बरसी के कार्यक्रम में आई थी महिला
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि पति की मौत के बाद से वह अपने मायके में ही रह रही है। उसकी बहन और आरोपी सलीम की बहन एक स्थानीय फैक्ट्री में साथ काम करती हैं, जिसके कारण आरोपी का उनके घर आना-जाना था। गत 18 मई को सलीम के गांव में उसके भाई की बरसी का कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए महिला अपनी 13 माह की मासूम बेटी और बहन के साथ गई थी।
खिलाने के बहाने खेतों की तरफ ले गया आरोपी
आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान आरोपी सलीम मासूम बच्ची को खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। काफी देर तक जब बच्ची वापस नहीं लौटी, तो परेशान मां ने अपनी छोटी बहन (बच्ची की मौसी) को तलाश के लिए भेजा। आरोप है कि जब मौसी ढूंढते हुए खेतों की ओर पहुंची, तो उसने सलीम को बच्ची के साथ संदिग्ध और आपत्तिजनक हालत में देखा। टोकने पर आरोपी ने बच्ची को लघुशंका कराने की बात कहकर मामला टाल दिया। उस वक्त डर और संकोच के कारण मौसी ने परिवार को कुछ नहीं बताया।
निजी अंगों पर चोट देख मां के उड़े होश, तब खुला राज
घटना के करीब 15 दिन बीतने के बाद जब मां ने बच्ची के निजी अंगों पर चोट के निशान और तकलीफ देखी, तो उसने सख्ती से अपनी बहन (मौसी) से पूछताछ की। इसके बाद मौसी ने रोते हुए 18 मई की पूरी आपबीती सुनाई। सच्चाई सामने आते ही परिजनों ने तुरंत फरीदपुर कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई: पुलिस
परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी सलीम के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। बच्ची को चिकित्सीय परीक्षण (Medical Examination) के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ।
क्षेत्र में भारी आक्रोश और चर्चा का माहौल
इस अमानवीय कृत्य की जानकारी जैसे ही क्षेत्र में फैली, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। पुलिस प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है और आरोपी से पूछताछ कर आगे के साक्ष्य जुटाने में लगा है।

Related Posts
बरेली : फर्जी ट्रेडिंग ऐप का जाल, निवेशक से ठगे 49.43 लाख रुपये
समाजवादी पार्टी के बैनरों से आजम खान क्यों गायब? मुस्लिम नेतृत्व से दूरी या नई राजनीतिक रणनीति, उठ रहे बड़े सवाल
बरेली: SRMS मेडिकल कॉलेज में रैगिंग से परेशान एमडी छात्र ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग, 4 डॉक्टरों व प्रबंधन पर FIR