Categories

June 13, 2026

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने किया पीपल का पौधारोपण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बरेली में वृहद वृक्षारोपण

बरेली । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद बरेली में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 से 21 जून तक चलाए जा रहे विकास, सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण आधारित जनसंपर्क कार्यक्रमों के अंतर्गत यह अभियान संचालित किया जा रहा है।

केंद्रीय विद्यालय रेलवे ग्राउंड, इज्जतनगर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने पीपल का पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई तथा जनसामान्य से कम से कम एक वृक्ष लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सभी को हरित, स्वच्छ और समृद्ध भविष्य के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्ष शुद्ध वायु प्रदान करने के साथ-साथ जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विश्व पर्यावरण दिवस प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रेरित करता है।

प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भंडारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 में प्रदेशभर में 35 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत जुलाई 2026 में बरेली जनपद में वन विभाग द्वारा दो लाख तथा अन्य 26 विभागों द्वारा 33.99 लाख पौधों सहित कुल 35.99 लाख पौधे लगाए जाएंगे। वहीं विश्व पर्यावरण दिवस पर वन विभाग द्वारा 7 हजार तथा अन्य विभागों द्वारा 7.73 लाख पौधों सहित कुल 7.80 लाख पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, वरिष्ठ समाजसेवी अनिल सक्सेना, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा ने भी पौधारोपण किया। इस अवसर पर कवि रीतेश कुमार साहनी ने ‘एक पेड़ सौ पुत्र समान’ कविता का पाठ कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के बाद विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आईटीबीपी के जवानों ने पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली। रैली में बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े आकर्षक संदेशों और चित्रों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

जनपद की सभी तहसीलों, विकास खंडों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को पौधे भेंट किए गए।

About The Author