Categories

November 21, 2026

नोएडा गांजा तस्करी मामला: पत्रकार निशांत शर्मा 14 दिन की न्यायिक हिरासत में, रिमांड आदेश में स्थानीय पत्रकार राजा मौर्य और ताहिर का भी नाम

 

नोएडा । नोएडा के थाना फेस-1 में दर्ज गांजा तस्करी के मामले में पत्रकार निशांत शर्मा को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया है। गौतमबुद्धनगर के अपर सत्र न्यायाधीश/त्वरित न्यायालय-प्रथम संदीप चौधरी ने 19 नवंबर 2026 को पुलिस की रिमांड अर्जीनोएडा पर सुनवाई करते हुए निशांत शर्मा पुत्र रामअवतार शर्मा को 2 दिसंबर 2026 तक न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया।

इस मामले में सबसे अहम बात यह है कि अदालत के रिमांड आदेश में सहअभियुक्त इरफान मलिक उर्फ नन्हे के बयानों के हवाले से स्थानीय पत्रकार राजा मौर्य और ताहिर का नाम भी सामने आया है। हालांकि, आदेश में इन दोनों के खिलाफ पुलिस की ओर से अब तक की गई किसी कार्रवाई का उल्लेख नहीं है।

क्या हैं पुलिस के आरोप?

मामला मुकदमा अपराध संख्या 309/2026 का है, जिसमें एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 20 और 29 तथा बीएनएस की धारा 308(2) के तहत मुकदमा दर्ज है।

पुलिस के मुताबिक, सहअभियुक्त इरफान मलिक उर्फ नन्हे ने अपने बयान में आरोप लगाया कि अवैध गांजे का कारोबार चलाने के लिए वह स्थानीय पत्रकार राजा मौर्य, ताहिर और निशांत शर्मा को हर महीने रुपये देता था। पुलिस का यह भी दावा है कि विरोध करने पर उसके खिलाफ ट्वीट किए जाते थे और अधिक पैसों की मांग की जाती थी। इसी आधार पर निशांत शर्मा को मामले में गिरफ्तार किया गया और पुलिस ने अदालत से 14 दिन की रिमांड मांगी।

62.400 किलो गांजे की बरामदगी से शुरू हुई जांच

अदालती आदेश में दर्ज केस डायरी के मुताबिक, मामले में मौके से गिरफ्तार किए गए टिंकू और मुजफ्फर अंसारी के कब्जे से 62.400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ था। गिरफ्तारी के दौरान दोनों ने हेमा नाम की महिला का नाम लिया।

आदेश के अनुसार, हेमा ने पीसीआर रिमांड के दौरान अपने बयान में राजकुमार और नन्हे के साथ काम करने की बात कही। इसके बाद नन्हे ने अपने बयानों में निशांत शर्मा और दो अन्य सहअभियुक्तों के नाम लिए। पुलिस का दावा है कि नन्हे की निशानदेही पर पीसीआर के दौरान 21 किलोग्राम से अधिक गांजा भी बरामद किया गया।

बचाव पक्ष ने उठाए गंभीर सवाल

निशांत शर्मा की ओर से पेश अधिवक्ता ने गिरफ्तारी और पुलिस की कहानी पर आपत्ति जताई। बचाव पक्ष का कहना था कि निशांत को झूठा फंसाया गया है और सहअभियुक्त के इकबालिया बयानों के आधार पर उनका नाम शामिल किया गया है, जबकि ये आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं।

अधिवक्ता ने यह भी सवाल उठाया कि गिरफ्तारी का पर्याप्त आधार नहीं बताया गया। बचाव पक्ष ने पुलिस रिमांड अर्जी खारिज करने की मांग की।

अदालत की टिप्पणी और रिमांड आदेश

अदालत ने अपने आदेश में महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि केवल सहअभियुक्त के कथनों के आधार पर किसी अभियुक्त का अपराध सिद्ध नहीं माना जा सकता। हालांकि, विवेचना के दौरान सामने आए अन्य तथ्यों और परिस्थितियों के साथ उसकी भूमिका की जांच जरूरी है।

अदालत ने यह भी कहा कि मामले में अन्य अभियुक्तों की भूमिका और वर्तमान अभियुक्त के साथ उनके संभावित संपर्कों से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य अभी जुटाए जाने बाकी हैं।

गिरफ्तारी प्रक्रिया पर उठाई गई आपत्ति पर अदालत ने उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर कहा कि गिरफ्तारी के कारण बताए गए और परिजनों को सूचना दी गई। इस स्तर पर कोई स्पष्ट अनियमितता नहीं मिली। इसके बाद अदालत ने न्यायिक अभिरक्षा मंजूर करते हुए धारा 187 बीएनएसएस के तहत वारंट जारी करने का आदेश दिया।

राजा मौर्य और ताहिर के नाम पर भी सवाल

इस पूरे मामले में रिमांड आदेश में स्थानीय पत्रकार राजा मौर्य और ताहिर का नाम आने के बाद यह सवाल भी महत्वपूर्ण हो गया है कि पुलिस इन नामों को लेकर आगे क्या जांच करती है। फिलहाल उपलब्ध रिमांड आदेश में इन दोनों के खिलाफ की गई किसी कार्रवाई का उल्लेख नहीं है। साथ ही, नन्हे के बयानों में लगाए गए आरोपों को अदालत ने सिद्ध अपराध नहीं माना है।

मामले की विवेचना जारी है और आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

About The Author