
बरेली। शहर में प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझे का कहर एक बार फिर देखने को मिला। सुबह करीब 6:30 से 7 बजे के बीच श्यामतगंज पुल पर हुए एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया। आदित्य प्रदेश के गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार का भतीजा है और कक्षा 9 का छात्र है।
जानकारी के अनुसार आदित्य सुबह गांधी उद्यान मॉर्निंग वॉक के लिए जा रहा था। इसी दौरान श्यामतगंज पुल पर उसकी गर्दन और चेहरे में सड़क पर फैला चाइनीज़ मांझा उलझ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बावजूद साहस का परिचय देते हुए घायल आदित्य स्वयं वाहन चलाकर ईशान हॉस्पिटल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार अस्पताल पहुंचे और घायल किशोर का हालचाल जाना। चिकित्सकों के अनुसार आदित्य की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इस घटना ने शहर में प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझे की बिक्री और उपयोग पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे खतरनाक मांझे की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Related Posts
बरेली : स्वर्गीय प्रोफेसर श्याम बिहारी स्मृति प्रीमियर लीग 5 अक्टूबर से
बरेली में 60.98 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार, कैंट पुलिस ने की कार्रवाई
बरेली में स्पा सेंटर की आड में अनैतिक गतिविधियों का धंधा फल फूल रहा ,ऐसा ही एक वीडियो सिग्नेचर स्पा सेंटर का वायरल