Categories

June 15, 2026

बरेली में योग सप्ताह का शुभारंभ, 21 जून को होगा वृहद सामूहिक योगाभ्यास

बरेली, । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में रविवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम, बरेली में योग सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन एवं पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन डॉ. अरुण कुमार ने भगवान धन्वंतरि एवं महर्षि पतंजलि के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन कर किया।

योग सप्ताह के तहत 15 से 20 जून तक प्रतिदिन प्रातः 6 से 8 बजे तक सामूहिक योगाभ्यास, स्लोगन लेखन, योग चित्रकला, योगासन प्रतियोगिताएं तथा योग सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। वहीं, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम 21 जून को स्पोर्ट्स स्टेडियम में वृहद सामूहिक योगाभ्यास के रूप में आयोजित होगा।

इस अवसर पर डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि योग वृद्धावस्था जनित रोगों से बचाव का प्रभावी माध्यम है और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज करोड़ों लोग इससे स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि योग भारत की अमूल्य विरासत है, जो स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना के साथ योग आज पूरी दुनिया को स्वास्थ्य और संतुलित जीवन का संदेश दे रहा है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली जीवनशैली है। उन्होंने लोगों से नियमित योग अपनाने का आह्वान किया।

सामूहिक योगाभ्यास का संचालन नित्या शर्मा एवं डॉ. गरिमा सिंह ने किया, जबकि योगाभ्यास राहुल, विजय, भूपेश, आस्था, नमिता, सुनीत और आदित्य द्वारा कराया गया। योग के प्रचार-प्रसार के लिए मंत्री, सांसद, विधायकों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को भी रवाना किया।

कार्यक्रम में रोहिलखंड आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, गंगाशील आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, फ्यूचर आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज तथा जीनियस क्लब बरेली की सक्रिय सहभागिता रही। जीनियस क्लब की ओर से योग प्रशिक्षकों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, डॉ. एम.पी. आर्य, विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य, कुंवर महाराज सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अजय पाल सिंह, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. मंजू सिंह, डॉ. आरिफ यूनानी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author