Categories

June 16, 2026

तलवारबाजी से बवाल: सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खूनी संघर्ष, आठ घायल, बदरीनाथ यात्रा घंटों रही बाधित

कर्णप्रयाग/चमोली। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के दौरान मंगलवार को चमोली जिले के कर्णप्रयाग में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट और तलवारबाजी में आठ लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे देहरादून रेफर किया गया। घटना के बाद बदरीनाथ हाईवे पर कई घंटों तक जाम लगा रहा और बदरीनाथ यात्रा प्रभावित हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे बदरीनाथ हाईवे पर कर्णप्रयाग के पास एक होटल के सामने वाहन पार्किंग को लेकर सिख तीर्थयात्रियों और होटल संचालक के परिवार के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि कुछ श्रद्धालुओं ने तलवारें निकाल लीं। इस दौरान होटल संचालक के पुत्र पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच संघर्ष शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तलवारबाजी और मारपीट में चार स्थानीय लोग और चार सिख श्रद्धालु घायल हुए। घायलों को कर्णप्रयाग समेत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने कर्णप्रयाग के पंचपुलिया क्षेत्र में बदरीनाथ हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे करीब 15 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब जाने वाले हजारों श्रद्धालु घंटों तक रास्ते में फंसे रहे। तेज धूप और जाम के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी विनोद थपलियाल ने बताया कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है। संबंधित पक्षों से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि तीर्थयात्रा मार्गों पर हथियार लेकर आने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। देर शाम तक पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासन लोगों को समझाकर यातायात सुचारु कराने में जुटा रहा।

About The Author