लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पुरनिया क्षेत्र स्थित एक कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग ने 12 परिवारों की खुशियां छीन लीं। आग इतनी तेजी से फैली कि तीन मंजिला इमारत देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के कुछ ही देर बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक आग पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले चुकी थी।
सबसे दुखद पहलू यह है कि मृतकों में लगभग सभी युवक-युवतियों की उम्र 20 से 24 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखा जाए तथा उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही घायलों के समुचित और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।


Related Posts
बरेली : स्वर्गीय प्रोफेसर श्याम बिहारी स्मृति प्रीमियर लीग 5 अक्टूबर से
बरेली में 60.98 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार, कैंट पुलिस ने की कार्रवाई
बरेली में स्पा सेंटर की आड में अनैतिक गतिविधियों का धंधा फल फूल रहा ,ऐसा ही एक वीडियो सिग्नेचर स्पा सेंटर का वायरल