
बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बरेली दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह करीब साढ़े तीन घंटे तक जिले के विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की कार्यप्रणाली और विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जवाबदेही भी तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री की बैठक में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जतिन प्रसाद, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए नगर निगम ने कार्यक्रम स्थल और वीवीआईपी रूट से आवारा पशुओं को हटाने का अभियान भी चलाया, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए करीब 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कार्यक्रम स्थल से लेकर पूरे वीवीआईपी रूट तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। सुरक्षा ड्यूटी में 5 अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी), 6 क्षेत्राधिकारी (सीओ), 50 निरीक्षक, लगभग 850 उपनिरीक्षक (दरोगा), 200 कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाया गया है।
इसके अलावा यातायात और कानून-व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बरेली मंडल के अन्य जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों और कार्यक्रम स्थल पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं में तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहकर अपनी जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए हैं।

Related Posts
बरेली: X पर वायरल पोस्ट निकली भ्रामक, कैंट पुलिस ने बताया पूरा सच; पहले ही दर्ज हो चुका था SC/ST एक्ट में मुकदमा
बरेली: इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत, परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की निष्पक्ष जांच; पोस्टमार्टम कर जुटाए जा रहे साक्ष्य
बरेली: 12 करोड़ का स्काईवॉक बना मौत का ठिकाना! संचालन ठप, तीन साल में 6 करोड़ का नुकसान