
लाहौल-स्पीति | हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। उदयपुर-किलाड़ (तांदी-संसारी राष्ट्रीय राजमार्ग) पर कडू नाला के पास कुल्लू से पांगी जा रही एक टाटा सूमो टैक्सी अचानक पहाड़ी से गिरे भारी मलबे और चट्टानों की चपेट में आ गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब 13 अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन (एचपी-01एम-2210) में चालक समेत लगभग 14 लोग सवार थे। उदयपुर-किलाड़ मार्ग पिछले दिन बंद होने के कारण सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को मार्ग खुलने के बाद वाहन पांगी के लिए रवाना हुआ था, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ से भारी चट्टानें गिरने से यह हादसा हो गया।
घटना के तुरंत बाद सीमा सड़क संगठन (BRO) के कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मलबे से एक घायल को निकालकर अस्पताल भेजा गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान और अन्य यात्रियों की स्थिति को लेकर प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही लाहौल पुलिस, तिंदी थाना पुलिस, उदयपुर प्रशासन, जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत कई एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पांगी के कार्यकारी आवासीय आयुक्त और एसडीएम भी राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन युद्धस्तर पर मलबा हटाने में जुटा है। खराब मौसम और लगातार गिरते पत्थरों के कारण बचाव अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें।

Related Posts