
बरेली। यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से लौट रहे बरेली निवासी मर्चेंट नेवी के इंजीनियर दीपक कुमार गुप्ता के लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है। परिवार के अनुसार दीपक दो अगस्त को अपना जन्मदिन मनाने के लिए घर आने वाले थे और उनकी वापसी की तैयारियां भी चल रही थीं।
दीपक के पिता उदय कुमार गुप्ता ने बताया कि यूक्रेन में पांच दिन रुकने के दौरान दीपक से मोबाइल पर बात हुई थी, लेकिन बातचीत स्पष्ट नहीं हो पाई। इसके बाद से कोई संपर्क नहीं हो सका। दीपक के घर आने की खुशी में दोस्तों ने पार्टी की योजना बनाई थी और परिवार भी उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहा था।
परिजनों के मुताबिक दीपक की शादी की बात भी चल रही थी। घर में नई मंजिल का निर्माण कराया गया था ताकि उनके लौटने पर परिवार के साथ नई शुरुआत की जा सके। पिता ने बताया कि जहाज के स्टाफ की ओर से एक बार कॉल आया था, लेकिन सोमवार रात तक दीपक के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
हालांकि, जहाज से लापता हुए एक अन्य युवक के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार को उम्मीद है कि दीपक भी सुरक्षित होंगे। पिता का कहना है कि दीपक चार से पांच घंटे तक समुद्र में तैर सकते हैं, इसलिए उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की आशा है।
परिवार ने स्थानीय विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा सहित केंद्र सरकार से दीपक की तलाश में मदद की अपील की है। परिजन लगातार उनके सुरक्षित लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं और हर नई जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।

Related Posts
गोरखपुर : PUBG में 3 लाख रुपये हारे 11वीं के छात्र ने रची अपने अपहरण की झूठी कहानी, AI से बनवाई ‘खून से लथपथ’ फोटो
बरेली : समय पर राजस्व टीम पहुंचती तो कलेक्ट्रेट तक नहीं पहुंचता मामला, पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार
बरेली : सुरक्षा के साथ सम्मान भी: शेरगढ़ पुलिस ने कांवड़ियों को बांटी टी-शर्ट