Categories

September 13, 2026

लखनऊ में चेन लूटकर भाग रहे बदमाश को ट्रैफिक सिपाही ने दबोचा, हमले के बावजूद नहीं छोड़ा

लखनऊ। रक्षाबंधन के दिन लखनऊ के मड़ियांव इलाके में एक महिला से चेन लूटकर भाग रहे बदमाश को ट्रैफिक सिपाही ने पीछा कर पकड़ लिया। बदमाश ने गिरफ्तारी से बचने के लिए सिपाही पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उनकी नाक पर गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा। इसके बावजूद सिपाही ने आरोपी को नहीं छोड़ा।

जानकारी के मुताबिक, मड़ियांव के पास महिला रूबी कश्यप अपने भाई को राखी बांधने के लिए जा रही थीं। वह बस पकड़ने के लिए खड़ी थीं, तभी एक युवक पीछे से आया और उनके गले से चेन खींचकर भागने लगा।

मौके पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक सिपाही नवीन चौधरी ने बदमाश को भागते देखा तो उसका पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूर जाकर उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया। इसी दौरान आरोपी ने पास पड़ी ईंट उठाकर सिपाही की नाक पर दो बार हमला कर दिया। चोट लगने से उनकी नाक से खून निकलने लगा, लेकिन घायल होने के बावजूद नवीन चौधरी ने आरोपी को पकड़कर रखा।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले गई। मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ चेन स्नैचिंग समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

घायल सिपाही को इलाज के लिए हिम सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी नाक पर दो टांके लगाए। फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई गई है।

राखी बांधकर सिपाही को किया सम्मानित

घटना के बाद चेन बचने से खुश महिला रूबी कश्यप ने ट्रैफिक सिपाही नवीन चौधरी को राखी बांधी और उनकी बहादुरी के लिए धन्यवाद दिया। रूबी ने कहा कि सिपाही ने अपनी जान की परवाह किए बिना बदमाश को पकड़ा और उनकी मदद की।

रूबी ने मड़ियांव पुलिस और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को भी राखी बांधी। पुलिस विभाग की ओर से सिपाही नवीन चौधरी की बहादुरी की सराहना की गई है। डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी ने बताया कि पुलिस कमिश्नर की ओर से नवीन चौधरी को 10 हजार रुपये और प्रशस्ति-पत्र देने की घोषणा की गई है।

रक्षाबंधन के दिन हुई इस घटना में एक ओर जहां महिला की चेन लूटने की कोशिश हुई, वहीं ट्रैफिक सिपाही की बहादुरी ने लूट के आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

About The Author