Categories

September 13, 2026

हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में नया ट्विस्ट : 8 महीने पहले मिली थी धमकी, पुलिस जांच में गैंगवार का कनेक्शन

शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद पुलिस जांच में पुरानी रंजिश और गैंगवार का कनेक्शन सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, अंकित को करीब आठ महीने पहले कनाडा में बैठे चिराग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए कॉल कर जान से मारने की धमकी दी थी।

पुलिस जांच के अनुसार, गौगी गिरोह से जुड़े भोलू शाहपुरिया के भतीजे चिराग ने अंकित को धमकी दी थी। बताया जा रहा है कि धमकी अंकित के उस गीत को लेकर दी गई थी, जिसमें कथित तौर पर “मेरी जान” नाम का जिक्र था। अंकित की ओर से इस मामले की शिकायत सोनीपत पुलिस को भी दी गई थी।

हत्या की साजिश में तीन शूटर पहुंचे थे सोनीपत

एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, 25 दिसंबर 2025 को अंकित की हत्या के इरादे से गौगी और टिल्लू ताजपुरिया गिरोह से जुड़े तीन शूटर सोनीपत के सेक्टर-14 पहुंचे थे। एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया था।

पूछताछ में कथित तौर पर अंकित की हत्या की योजना के संबंध में जानकारी सामने आई। पुलिस अब इस मामले में धमकी वाले फोन कॉल की भी जांच कर रही है कि कॉल किस नंबर से की गई थी और इसके पीछे कौन लोग थे।

हत्या वाले दिन भी मिली थी धमकी

पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त को हत्या वाले दिन भी अंकित को फोन कर धमकी दी गई थी। पुलिस कॉल की पूरी कड़ी खंगाल रही है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि फोन किसने किया, किसके कहने पर किया और हत्या से उसका क्या संबंध था।

कार में GPS लगाने की भी कोशिश

पुलिस के अनुसार, सोनीपत के शार्प शूटर मोहित और सुमित 20 अगस्त को अंकित की रेकी करने उसके जिम के बाहर पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने अंकित की कार में GPS लगाने की कोशिश की, लेकिन GPS सक्रिय नहीं हो सका। इसके बाद शूटर GPS को कार में ही छोड़कर चले गए। पुलिस ने बाद में इसे कब्जे में लिया।

मेरी जान’ गाने से बढ़ी थी रंजिश

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अंकित के ‘मेरी जान’ गाने को लेकर गैंग से जुड़े लोगों में नाराजगी थी। पुलिस के मुताबिक, गौगी गैंग को शक था कि अंकित ने टिल्लू ताजपुरिया गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर यह गाना तैयार कराया है।

बताया गया है कि अंकित ने विवाद बढ़ने के बाद सफाई देते हुए कहा था कि उसने किसी व्यक्ति या गैंग को निशाना बनाकर गाना नहीं बनाया। उसने विवाद खत्म करने के लिए माफी भी मांगी थी। हालांकि, पुलिस के अनुसार रंजिश खत्म नहीं हुई।

मेरी जान’ गाने का पुराना कनेक्शन

एसपी के मुताबिक, गैंगस्टर जितेंद्र मान उर्फ गौगी की 24 सितंबर 2021 को दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में पेशी के दौरान हत्या कर दी गई थी। वकीलों के वेश में आए हमलावरों ने गौगी पर गोलियां चलाई थीं और जवाबी कार्रवाई में दोनों हमलावर भी मारे गए थे।

करीब डेढ़ साल बाद 15 फरवरी 2023 को भरी कोर्ट में गोली मारने के नाम से जुड़ा ‘मेरी जान’ गाना रिलीज हुआ था। पुलिस के अनुसार बाद में यह गाना अंकित की पहचान का हिस्सा बन गया।

गौगी और टिल्लू गैंग के बीच पुरानी दुश्मनी

पुलिस जांच में गौगी और टिल्लू ताजपुरिया गैंग के बीच लंबे समय से चली आ रही दुश्मनी का एंगल भी सामने आया है। दोनों गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर कई बार टकराव होने की बात सामने आती रही है।

पुलिस का दावा है कि इसी गैंगवार की पृष्ठभूमि में अंकित के खिलाफ शक और रंजिश बढ़ी और आखिरकार उसकी हत्या की साजिश रची गई।

क्या था पूरा मामला?

26 अगस्त को बंटीखेड़ा गांव निवासी हरियाणवी गायक अंकित बालियान शामली में नाला पटरी स्थित जिम से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान शूटरों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद परिजनों और समर्थकों ने शहर के मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर विरोध जताया।

मामले में पुलिस अब धमकी भरे कॉल, GPS से जुड़ी गतिविधियों, शूटरों की रेकी और गैंग कनेक्शन को जोड़कर पूरी साजिश की कड़ियां तलाश रही है।

About The Author