
महिला ने पुलिस से की शिकायत, आरोपी शहनवाज कार लेकर फरार
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र में जेनेश्वर मिश्र पार्क के पास हिट एंड रन का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने विवाद के दौरान अपनी महिला मित्र अनामिका को कार से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना में महिला बाल-बाल बची।
पुलिस के मुताबिक, अनामिका नाम की युवती सुबह जेनेश्वर मिश्र पार्क के पास चाय पीने पहुंची थी। इसी दौरान उसका पुरुष मित्र शहनवाज भी अपनी एक अन्य महिला मित्र के साथ वहां पहुंच गया। दूसरी युवती के साथ शहनवाज को देखकर अनामिका नाराज हो गई और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
कार के सामने आ गई अनामिका
विवाद के बाद शहनवाज दूसरी महिला मित्र के साथ कार में बैठकर वहां से जाने लगा। इसी दौरान अनामिका कार के सामने आ गई। आरोप है कि शहनवाज ने कार रोकने के बजाय उसे तेज रफ्तार में आगे बढ़ा दिया, जिससे अनामिका सड़क पर गिर गई।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार के सामने एक महिला के आने और कार के आगे बढ़ने का दृश्य दिखाई दे रहा है।
शिकायत के आधार पर कार्रवाई में जुटी पुलिस
घटना के बाद महिला की ओर से पुलिस को शिकायत दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी घटना के बाद कार लेकर फरार बताया जा रहा है।
शहनवाज पर लगाए गए आरोप पुलिस शिकायत और सामने आए वीडियो के आधार पर हैं। मामले में पुलिस जांच के बाद घटनाक्रम की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

Related Posts
‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत छह जिलों में 317 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण,गंभीर खामियों पर लाइसेंस निलंबन की संस्तुति
बरेली: SSP कार्यालय में महिला ने खुद पर डाला तेल, आत्मदाह की कोशिश की; साजिश रचने के आरोप में दो गिरफ्तार
बरेली : DM ने स्कूटी की पेशकश की, छात्रा बोली—“साहब, मुझे मेरी साइकिल दिला दीजिए”