Categories

September 25, 2026

अमेरिका में कवरेज के दौरान NBC न्यूज का हेलिकॉप्टर क्रैश, पत्रकार और पायलट समेत 3 की मौत

लॉस एंजिल्स में हादसा, हेलिकॉप्टर एक बस और SUV की टक्कर की कवरेज कर रहा था

लॉस एंजिल्स। अमेरिका के लॉस एंजिल्स में मंगलवार शाम NBC न्यूज के एक हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में NBC की एरियल फोटो जर्नलिस्ट एलियाना मोरेनो और पायलट जॉर्ज मार्सिनिव समेत तीन लोगों की जान गई है। जमीन पर मौजूद एक व्यक्ति की भी हादसे में मौत होने की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक NBC न्यूज का हेलिकॉप्टर लॉस एंजिल्स के सैन फर्नांडो वैली के चैट्सवर्थ इलाके में एक सेल्फ-स्टोरेज सुविधा के पास पार्किंग में गिर गया। दुर्घटना के बाद हेलिकॉप्टर में आग लग गई और आसपास खड़ी गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं।

हादसे की कवरेज कर रहा था हेलिकॉप्टर

NBC के अनुसार, हेलिकॉप्टर उस हादसे की कवरेज कर रहा था जिसमें एक लॉस एंजिल्स मेट्रो बस और एक यात्री वाहन की टक्कर हुई थी। इस दुर्घटना में भी दो लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई है।

हेलिकॉप्टर क्रैश के बाद NBC लॉस एंजिल्स ने मौके से लाइव कवरेज रोक दी। NBC एंकर कोलीन विलियम्स ने बताया कि स्टेशन का हेलिकॉप्टर शाम करीब सात बजे क्रैश हुआ और उसके बाद चैनल का हेलिकॉप्टर में सवार लोगों से संपर्क टूट गया था।

NTSB और FAA करेंगे जांच

हेलिकॉप्टर दुर्घटना की जांच नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) द्वारा की जाएगी। हादसे के कारणों का पता जांच के बाद चलेगा।

लॉस एंजिल्स की मेयर कैरेन बास ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूजम ने भी हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

About The Author