
वसूली वारंट के बाद महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस जांच में ऑनलाइन लेन-देन और वीडियो सामने आने का दावा
बरेली। एसएसपी कार्यालय परिसर में गुरुवार दोपहर एक महिला द्वारा खुद पर तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास किए जाने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में महिला को आत्मदाह के लिए उकसाने और पूरी घटना की साजिश रचने के आरोप सामने आए हैं।
पुलिस के अनुसार, सीबीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली शबाना ने एसएसपी कार्यालय में अपने ऊपर तेल उड़ेलकर आत्मदाह की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर जिला अस्पताल भेजा, जहां से उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए मामले की पड़ताल की। पुलिस का दावा है कि इस दौरान महिला के रिश्तेदार और एक यूट्यूबर अमल सैनी को हिरासत में लिया गया। ऑनलाइन लेन-देन की भी जांच की गई।
पति से चल रहा है विवाद
शबाना का अपने पति अब्दुल तस्लीम से विवाद चल रहा है। महिला ने पति पर तलाक देकर दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए वर्ष 2019 में सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वर्ष 2021 में पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
पति के विदेश में होने के चलते गुजारा भत्ता नहीं मिलने का मामला अदालत तक पहुंचा था। अदालत ने कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपये की वसूली का वारंट जारी किया था।
वसूली के नाम पर धमकी का आरोप
पुलिस के अनुसार, महिला की पैरवी में लगे एक युवक ने कथित तौर पर यूट्यूबर अमल सैनी के साथ मिलकर वसूली की साजिश रची। पुलिस का दावा है कि अमल सैनी ने शबाना से रकम दिलाने का सौदा किया और ऑनलाइन करीब तीन हजार रुपये लिए।
पुलिस के मुताबिक, बाद में महिला को रामपुर बाग के एक कैफे में बुलाया गया, जहां उसका रोते हुए वीडियो बनाया गया। आरोप है कि इसके बाद आत्मदाह का नाटक करने की साजिश तैयार की गई।
पति के ससुर ने दर्ज कराई शिकायत
शबाना के ससुर अब्दुल कय्यूम ने सीबीगंज थाने में अमल, शौएब और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अमल ने उनसे बेटे के ऊपर बकाया रकम का हवाला देकर 50 हजार रुपये मांगे और रकम नहीं देने पर वीडियो वायरल करने व मुकदमे कराने की धमकी दी।
अब्दुल कय्यूम का आरोप है कि धमकियों से परेशान होकर उन्होंने आरोपियों को करीब छह हजार रुपये दिए।
पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
एसएसपी अनुराग आर्य के अनुसार, पुलिस ने मामले में सीसीटीवी फुटेज, ऑनलाइन लेन-देन और वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि महिला को आत्मदाह के लिए उकसाने और घटना की साजिश रचने के मामले में अमल सैनी और शौएब को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अन्य जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Related Posts
‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत छह जिलों में 317 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण,गंभीर खामियों पर लाइसेंस निलंबन की संस्तुति
बरेली : DM ने स्कूटी की पेशकश की, छात्रा बोली—“साहब, मुझे मेरी साइकिल दिला दीजिए”
खेत में अधजली महिला की लाश के पास रोती मिली डेढ़ साल की बच्ची, बिजनौर में सनसनी