Categories

October 20, 2026

Lok Awaaj की खबर का असर: मुख्यमंत्री के जाने के बाद जागा नगर निगम, कोहाड़ापीर–धर्मकांटा रोड के गड्ढे भरे

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बरेली दौरे के दौरान सड़कों को दुरुस्त करने की कवायद के बीच आम जनता की परेशानी को लेकर Lok Awaaj ने 12 अक्टूबर को कोहाड़ापीर–धर्मकांटा रोड की बदहाली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। अब मुख्यमंत्री के बरेली से जाने के बाद नगर निगम ने इस सड़क की सुध ली और गड्ढों को भरवा दिया।

सड़क की बदहाली को लेकर प्रकाशित खबर में सवाल उठाया गया था कि क्या शहर की सड़कें सिर्फ मुख्यमंत्री के काफिले के लिए ही दुरुस्त की जाएंगी, जबकि रोजाना इन रास्तों से गुजरने वाली जनता गड्ढों और जलभराव से जूझती रहेगी?

मुख्यमंत्री के दौरे के बाद हुई कार्रवाई

कोहाड़ापीर से धर्मकांटा जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता जोखिम भरा बना हुआ था। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से वे दिखाई नहीं देते थे, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता था। सड़क की खराब स्थिति से यातायात भी प्रभावित हो रहा था।

Lok Awaaj ने 12 अक्टूबर को इस समस्या को उठाते हुए नगर निगम और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए थे। खबर में यह भी रेखांकित किया गया था कि क्षेत्र में सीएम ग्रिड योजना का काम चलने के बावजूद लोगों को गड्ढों से राहत नहीं मिल रही थी।

जनता की परेशानी पर कब जाएगा ध्यान?

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले जिन सड़कों को दुरुस्त करने की कवायद दिखाई दी, वहीं दूसरी ओर कोहाड़ापीर–धर्मकांटा रोड पर गड्ढे लोगों की परेशानी बढ़ा रहे थे। अब मुख्यमंत्री के जाने के बाद गड्ढे भरे जाने से सवाल उठता है कि यदि यह काम पहले किया जा सकता था, तो लोगों को परेशानी क्यों झेलनी पड़ी?

फिलहाल गड्ढे भरे जाने से स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। Lok Awaaj आगे भी जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहेगा और जिम्मेदार विभागों तक लोगों की आवाज पहुंचाता रहेगा।

Lok Awaaj — जनता की आवाज, सच के साथ।

About The Author