विशेष रिपोर्ट | www.Lokawaaj.com

नई दिल्ली / वाशिंगटन (लोक आवाज़ ब्यूरो):
क्या आप जिस बर्तन में अपने परिवार के लिए बड़े प्यार से खाना बना रहे हैं, वह असल में उनके स्वास्थ्य के लिए धीमा जहर साबित हो रहा है? अमेरिका की उपभोक्ता सुरक्षा नियामक एजेंसी ने हाल ही में दक्षिण एशियाई देशों (भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश) से आयातित कई प्रकार के पारंपरिक कुकवेयर को तुरंत कचरे में फेंकने की सख्त चेतावनी जारी की है। चौंकाने वाली बात यह है कि इन्हें किसी शेल्टर होम या जरूरतमंद को दान करने तक से मना किया गया है।
इस चेतावनी की तह में जाने पर एक ऐसा भयावह सच सामने आया है, जो सीधे भारत के आम घरों, ढाबों और यहां तक कि सरकारी स्कूलों की रसोई से जुड़ा है।
कबाड़ से थाली तक: ऐसे पहुंच रहा है खतरनाक ‘सीसा’ (Lead)
विशेषज्ञों के अनुसार, परेशानी शुद्ध एल्युमीनियम से नहीं, बल्कि कबाड़ बाजार (Scrap Market) से बनने वाले बर्तनों से है। गैर-विनियमित कबाड़ उद्योग में ऑटोमोबाइल इंजन के पुर्जे, पुरानी मशीनें और मिलावटी मिश्र धातुओं (Alloys) को सीधे पिघलाकर खाना पकाने के बर्तन ढाल दिए जाते हैं। इस प्रक्रिया में बर्तनों में खतरनाक मात्रा में ‘लेड’ यानी सीसा शामिल हो जाता है।
जब इन बर्तनों में घंटों तक चाय उबाली जाती है, खट्टी दाल या सांभर पकाया जाता है, तो बर्तन की धातु घुलकर (Leaching) सीधे खाने में शामिल हो जाती है।
लैब टेस्ट के आंकड़े: मानकों की उड़ी धज्जियां
* तमिलनाडु के स्कूलों में जांच: वैज्ञानिक संस्था प्योर अर्थ द्वारा तमिलनाडु के स्कूलों और अनाथालयों में मिड-डे मील के बर्तनों की जांच में पाया गया कि भोजन में लेड औसतन 1064 PPM तक पहुंच रहा था। पुराने प्रेशर कुकरों और बर्तनों में यह मात्रा तय मानकों से सैकड़ों गुना अधिक पाई गई।
* 40 में से 27 नमूने फेल: लैब विश्लेषण में 40 एल्युमीनियम बर्तनों में से 27 में खतरनाक स्तर पर लेड मिला। वहीं हिंडालियम (Hindalium) के सभी सातों नमूनों में सीसे की अत्यधिक मौजूदगी पाई गई।
* स्टेनलेस स्टील सुरक्षित: राहत की बात यह रही कि अच्छी गुणवत्ता वाले स्टेनलेस स्टील के 17 नमूनों में से एक में भी लेड का रिसाव नहीं मिला।
* मानकों से कोसों दूर: भारत, अमेरिका और डब्ल्यूएचओ के अनुसार कुकवेयर में लेड की सीमा 500 PPM (0.05%) या 100 PPM (0.01%) से अधिक नहीं होनी चाहिए, जबकि कई कबाड़ निर्मित पुराने बर्तनों में यह आंकड़ा 6000 PPM तक दर्ज किया गया!
शरीर के हर अंग पर सीधा प्रहार
चिकित्सा जगत के अनुसार, शरीर में लेड की मौजूदगी का कोई सुरक्षित स्तर (Safe Limit) नहीं होता:
* बच्चों के मानसिक विकास पर वार: लेड सीधे सेंट्रल नर्वस सिस्टम को नुकसान पहुंचाता है। इससे बच्चों का आईक्यू (IQ) कम होना, याददाश्त कमजोर होना और व्यवहार में आक्रामकता आना शामिल है।
* आंखें और रक्त अल्पता: यह आंखों के रेटिना को नुकसान पहुंचाता है और हीमोग्लोबिन के स्तर को गिराकर गंभीर एनीमिया पैदा करता है।
* किडनी और हृदय रोग: शरीर से विषाक्त तत्व बाहर निकालने के चक्कर में किडनी खराब होने लगती है, साथ ही हाई ब्लड प्रेशर और दिल के दौरों का खतरा बढ़ जाता है।
* प्रजनन क्षमता पर असर: वयस्कों में यह स्पर्म क्वालिटी को घटाता है और गर्भवती महिलाओं में भ्रूण के विकास को गंभीर नुकसान पहुंचाता है।
लोक आवाज़’ की सलाह
हम पानी साफ करने के लिए महंगे वॉटर प्यूरीफायर तो लगवा लेते हैं, लेकिन खाना पकाने वाले बर्तन की सुरक्षा पर कभी ध्यान नहीं देते। सड़क किनारे या गैर-प्रमाणित दुकानों से मिलने वाले सस्ते व कबाड़ से बने एल्युमीनियम बर्तनों का इस्तेमाल तुरंत बंद करें। खाना पकाने के लिए प्रमाणित स्टेनलेस स्टील, मिट्टी या सुरक्षित धातुओं का ही चयन करें।

Related Posts
शहीद सूबेदार की पत्नी निर्मल देवी छह महीने से मुआवज़े के लिए भटक रहीं, बेटी की शादी की चिंता ने बढ़ाई परेशानी
जेल की सलाखें भी नहीं रोक सकीं भाई-बहन के प्यार का पर्व, जिला जेल में बहनों ने भाइयों को किया तिलक
दिवाली पर बरेली को विकास का बड़ा तोहफा, CM डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रदेश में नंबर-1