
बरेली। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को बरेली के राजेंद्रनगर स्थित स्वयंवर बारातघर में भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा आयोजित कर अपनी संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी एक मंच पर नजर आए।
कार्यक्रम में ब्रज क्षेत्र के कई जिलों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। दोपहर करीब 1:35 बजे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मंच से नेताओं के संबोधन के बाद पदयात्रा शुरू हुई। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
SIR पर डॉ. विनोद पगरानी ने विपक्ष को घेरा
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता डॉ. विनोद पगरानी ने SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर विपक्ष के आरोपों पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष SIR के नाम पर जनता के बीच भ्रम और झूठ फैला रहा है। SIR मतदाता सूची को दुरुस्त करने की एक प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मृत, स्थानांतरित और एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं के नामों की जांच करना है।
डॉ. पगरानी ने SIR प्रक्रिया को समझाते हुए ASDD का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि ASDD का मतलब Absent (अनुपस्थित), Shifted (स्थानांतरित), Death (मृत्यु) और Duplicate (दोहरी प्रविष्टि) है। इन श्रेणियों में आने वाले मतदाताओं के नामों की जांच की जाती है और नियमानुसार कार्रवाई होती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष SIR को लेकर लोगों को गुमराह कर रहा है और इस मुद्दे के जरिए देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है।
2027 से पहले भाजपा ने तेज की संगठन की सक्रियता
विधानसभा चुनाव में अभी समय बाकी है, लेकिन भाजपा ने संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कवायद तेज कर दी है। बरेली में दिग्गज नेताओं की मौजूदगी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।
इस बड़े आयोजन ने बरेली की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है।

Related Posts
जेल की सलाखें भी नहीं रोक सकीं भाई-बहन के प्यार का पर्व, जिला जेल में बहनों ने भाइयों को किया तिलक
दिवाली पर बरेली को विकास का बड़ा तोहफा, CM डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रदेश में नंबर-1
तीन थार गाड़ियों में सवार युवकों ने कारोबारी और उसके दोस्त को बेरहमी से पीटा, विरोध करने पर किया जानलेवा हमला