Categories

November 13, 2026

मुरादाबाद में दर्दनाक हादसा: बेकाबू बोलेरो ने 6 बच्चों को कुचला, दो की मौत, चार घायल

मुरादाबाद । मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार बेकाबू बोलेरो ने सड़क किनारे खेल रहे छह बच्चों को कुचल दिया। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक, घटना मूंढापांडे-कर्नपुर मार्ग पर मुड़िया भायपुर गांव में सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे की है। गांव में कुछ बच्चे सड़क किनारे पकौड़ी के ठेले के पास खेल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर बच्चों को रौंदते हुए निकल गई।

इस हादसे में रणवीर सिंह की एक वर्षीय बेटी चित्रा और इंदल के दो वर्षीय बेटे अंश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चार अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। बोलेरो की चपेट में आने से पकौड़ी बेच रहा युवक और उसकी मां भी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद चालक की पिटाई, पुलिस ने लिया हिरासत में

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने बोलेरो चालक को घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बोलेरो को भी कब्जे में ले लिया है।

एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि हादसे में दो बच्चों की मौत हुई है, जबकि चार बच्चे घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। जिन मासूमों की किलकारियां कुछ देर पहले गांव में गूंज रही थीं, वहां अब परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

 

 

 

About The Author