Categories

November 12, 2026

बरेली में कुंडल लूट का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

बरेली। थाना फरीदपुर पुलिस ने कुंडल लूट की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से लूटा गया पीली धातु का कुंडल, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर को फरीदपुर क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास बाइक सवार एक व्यक्ति ने एक महिला के कान से कुंडल झपट लिया था और फरार हो गया था। इस संबंध में थाना फरीदपुर में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही थी।

पुलिस टीम को 2 नवंबर को सूचना मिली कि घटना को अंजाम देने वाला आरोपी किसी अन्य वारदात की फिराक में इलाके में घूम रहा है। सूचना पर थाना फरीदपुर पुलिस और एसओजी टीम ने इलाके में चेकिंग शुरू की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख बाइक सवार आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवराज पुत्र श्याम बिहारी, निवासी ग्राम बकेनिया, थाना फरीदपुर, जनपद बरेली के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ बरेली के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

About The Author