
अलीगढ़ । उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में अपर जिला जज की कार में टक्कर मारने के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि खुद को बीएसएफ का जवान बताने वाले एक युवक ने मौके पर 30 से 40 लोगों को बुला लिया। भीड़ ने जज के पिता और गनर के साथ मारपीट की। मामले में पुलिस ने भूपेंद्र और 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, कोर्ट संख्या-5 में तैनात अपर जिला जज अली मुस्तफा 24 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ कार से लखनऊ जा रहे थे। कार में उनके पिता गुलाम मुस्तफा, मां और गनर भी मौजूद थे। यमुना एक्सप्रेसवे के खंदौली इंटरचेंज से उतरने के बाद वे आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर पहुंचे। मड़ई चौराहे के पास जवाहर इंटर कॉलेज के सामने एक बाइक सवार ने उनकी कार में ड्राइवर की तरफ टक्कर मार दी। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया गया कि जज ने अपने ड्राइवर से कार रोकने को कहा और खुद नीचे उतरकर बाइक सवार को सही तरीके से वाहन चलाने की नसीहत दी। आरोप है कि इस बात से नाराज बाइक सवार ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उसने अपना नाम भूपेंद्र और खुद को गोविंदपुर का निवासी बताते हुए बीएसएफ का जवान होने का दावा किया। इसके बाद उसने कथित तौर पर 30 से 40 लोगों को मौके पर बुला लिया।
जज के पिता और गनर से मारपीट का आरोप
आरोप है कि मौके पर भीड़ जुटने के बाद जज के पिता और गनर के साथ मारपीट की गई। इस दौरान जज के पिता की नाक और दोनों हाथों की कलाइयों में चोटें आईं। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए कार को वहां से हटाया गया। आरोप है कि भूपेंद्र ने हेलमेट या किसी अन्य वस्तु से कार का पिछला शीशा भी तोड़ दिया।
112 पर कॉल के बाद भी मदद नहीं मिलने का आरोप
अपर जिला जज ने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि मौके पर तत्काल सहायता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी को फोन कर घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर हाथरस निवासी भूपेंद्र और 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य के मुताबिक, मामले में सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Related Posts
जेल की सलाखें भी नहीं रोक सकीं भाई-बहन के प्यार का पर्व, जिला जेल में बहनों ने भाइयों को किया तिलक
दिवाली पर बरेली को विकास का बड़ा तोहफा, CM डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रदेश में नंबर-1
तीन थार गाड़ियों में सवार युवकों ने कारोबारी और उसके दोस्त को बेरहमी से पीटा, विरोध करने पर किया जानलेवा हमला