Categories

September 25, 2026

बरेली: दहेज में बुलेरो और 10.50 लाख रुपये की मांग का आरोप, विवाहिता को प्रताड़ित करने की शिकायत

गर्भावस्था में घर से निकाला, प्री-मैच्योर डिलीवरी में नवजात की मौत का भी आरोप; पिता ने एसएसपी से की कार्रवाई की मांग

बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के ठिरिया निजावत खां निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के पिता ने एसएसपी से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के मुताबिक, उनकी बेटी आरफा का निकाह 8 सितंबर 2024 को मोहल्ले के ही आकिब खां के साथ हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही पति आकिब, ससुर शौकत अली तथा ननदें फरहीन व नसरीन दहेज को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे।

बुलेरो या 10.50 लाख रुपये की मांग का आरोप

पीड़िता के पिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष लगातार बुलेरो गाड़ी या 10.50 लाख रुपये नकद की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को भूखा-प्यासा रखने और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि विवाहिता का पति आकिब पुणे (महाराष्ट्र) में बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन का काम करता है। पिता का आरोप है कि ससुर शौकत अली बहू के साथ मारपीट करता था और तलाक दिलाने की धमकी देता था। जब इसकी जानकारी पुणे में मौजूद पति को दी गई तो आरोप है कि उसने पत्नी का साथ देने के बजाय अपने पिता का पक्ष लिया।

गर्भावस्था में घर से निकालने का आरोप

पीड़िता के परिजनों के मुताबिक, गर्भावस्था के दौरान भी प्रताड़ना जारी रही। आरोप है कि ससुराल वालों ने गर्भवती आरफा को सिर्फ पहने हुए कपड़ों में घर से बाहर निकाल दिया। मायके वालों ने गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

शिकायत के अनुसार, 10 जून 2026 को आरफा ने समय से करीब दो महीने पहले जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। आरोप है कि लगातार भूखे-प्यासे रहने और मारपीट के कारण स्वास्थ्य बिगड़ने से एक नवजात की मौत हो गई।

पीड़िता के पिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष से कोई उसे देखने तक नहीं आया। खबर भेजने पर कथित तौर पर कहा गया कि “वह मरे या जिए, बुलेरो मिलेगी तभी रखेंगे।”

पंचायत और थाने में सुलह की कोशिश भी बेनतीजा

परिजनों के मुताबिक, 19 जुलाई 2026 को हुई पंचायत में भी ससुराल पक्ष बुलेरो गाड़ी की मांग पर अड़ा रहा। कानूनी कार्रवाई करने पर तलाक देने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।

इसके बाद कैंट थाने में दोनों पक्षों को बुलाकर सुलह का प्रयास किया गया, लेकिन शिकायतकर्ता के मुताबिक मामला नहीं सुलझा। अंततः पीड़िता के पिता ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।

कैंट थाने में मुकदमा दर्ज

एसएसपी अनुराग आर्य के बयान के मुताबिक, पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर कैंट थाने में पति आकिब, ससुर शौकत अली और ननदों फरहीन व नसरीन के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, छेड़छाड़ समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author