Categories

June 29, 2026

बरेली : चुरैली नहर डकैती कांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में चार बदमाश गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र में महिलाओं से कुंडल लूट की वारदात का पुलिस ने महज तीन दिन में खुलासा करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य बाइक गिरने से घायल हो गए। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए कानों के टॉप्स, तीन अवैध तमंचे और वारदात में प्रयुक्त दो बाइक बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, 18 जून को चन्द्रपाल निवासी कनमन, थाना देवरनियां अपनी पत्नी और सलहज के साथ मुड़िया नवी बख्श स्थित ससुराल से दावत खाकर बाइक से लौट रहे थे। चुरैली नहर पुलिया के पास दो बाइकों पर सवार बदमाशों ने महिलाओं के कानों के कुंडल व अन्य सामान लूट लिया और फरार हो गए। घटना के संबंध में थाना बहेड़ी में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस, एसओजी और थाना बहेड़ी की संयुक्त टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर छह बदमाशों की संलिप्तता सामने आई।

शनिवार देर रात पचपेड़ा चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को दो बाइकों पर सवार छह संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया। ग्राम लभेदी के पास तेज रफ्तार के कारण दोनों बाइकें फिसलकर गिर गईं। इस दौरान चार बदमाश भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें विकास उर्फ बनवारी लाल और सौरभ के पैरों में गोली लग गई। वहीं ललित और सचिन बाइक गिरने से घायल हो गए। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पुत्र विलेन्द्र उर्फ बनवारी लाल, सौरभ पुत्र सुरेन्द्र पाल, ललित पुत्र पोशाकी लाल और सचिन पुत्र मोहन लाल, सभी निवासी ग्राम पडरी थाना नवाबगंज, के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, कारतूस, लूटे गए एक जोड़ी कानों के टॉप्स तथा घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद की हैं।

घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मुठभेड़ और अवैध असलाह बरामदगी के संबंध में अलग मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार दो आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

About The Author