Categories

August 13, 2026

बरेली : पुलिस चेकिंग से बचने की कोशिश में दो ट्रक चालक ट्रेन की चपेट में, दो की मौत; परिजनों ने वसूली और मारपीट के लगाए आरोप

बरेली। बहेड़ी-उत्तराखंड बॉर्डर पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो ट्रक चालकों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतकों के परिजनों और ट्रांसपोर्टरों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उनका आरोप है कि पुलिस की सख्त चेकिंग, कथित अवैध वसूली और मारपीट के डर से चालक ट्रक छोड़कर भागे थे, जिसके दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय यह हादसा हो गया। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों से इनकार करते हुए मामले की जांच की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 4:30 बजे किच्छा की ओर से रेत-बजरी से लदे पांच ट्रक मुंडिया मुकर्रमपुर टोल के पास पहुंचे। आरोप है कि बॉर्डर पर पुलिस चेकिंग देखकर पांचों चालक अपने-अपने ट्रक सड़क किनारे छोड़कर भागने लगे। जान बचाने की जल्दबाजी में सभी चालक रेलवे ट्रैक पार करने लगे। इसी दौरान बहेड़ी की ओर से आ रही ट्रेन संख्या 55313 वहां पहुंच गई। तीन चालक किसी तरह ट्रैक पार करने में सफल रहे, जबकि दो चालक ट्रेन की चपेट में आ गए।

हादसे में देवरनिया थाना क्षेत्र के मुंडिया गांव निवासी 32 वर्षीय मोहम्मद वासिफ और इज्जतनगर थाना क्षेत्र के कंजादासपुर निवासी 20 वर्षीय इरफान पुत्र सुल्तान खां की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सीओ अरुण कुमार, प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और ट्रांसपोर्टरों ने पुलिस पर कथित अवैध वसूली और अनावश्यक चेकिंग के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि यदि पुलिस का डर नहीं होता तो चालक अपनी जान बचाने के लिए इस तरह ट्रक छोड़कर नहीं भागते। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम करने की चेतावनी भी दी, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि पुलिस को देखते ही चालक घबरा गए और रेलवे ट्रैक की ओर दौड़ पड़े। उनका कहना है कि हादसा कुछ ही सेकंड में हुआ और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। एक प्रत्यक्षदर्शी ने आरोप लगाया कि मौके पर कई वाहनों से चालान और कथित वसूली की जा रही थी, जिससे चालक डरकर भागने लगे। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की भी जांच होगी और जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author