
बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर में बुधवार को 30 वर्षीय विवाहिता सोमवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। मामले में मृतका के मायके पक्ष की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मृतका के पति बालजीत ने बताया कि 27 जुलाई की रात उसने अपनी पत्नी को अपने छोटे भाई के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने का दावा किया था। इस घटना की जानकारी उसने पत्नी के मायके वालों को दी थी। अगले दिन मायके पक्ष गांव आया, लेकिन कहासुनी के बाद सोमवती को अपने साथ ले जाने से इनकार कर लौट गया।
बालजीत का कहना है कि 29 जुलाई की सुबह वह ऑटो लेकर काम पर चला गया था। कुछ देर बाद उसे सूचना मिली कि उसकी पत्नी कमरे में बेसुध पड़ी है। परिजनों ने बताया कि उसने बिजली का तार पकड़कर आत्महत्या कर ली।
वहीं, मृतका के पिता लटूरी सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की शादी को 12 वर्ष हो चुके थे और उसके तीन बच्चे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध संबंधों के शक में बालजीत ने उनकी बेटी की हत्या की है और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है
पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य संकलित किए हैं। शव का पोस्टमार्टम पैनल से कराने और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने की व्यवस्था की गई है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts
बरेली : स्वर्गीय प्रोफेसर श्याम बिहारी स्मृति प्रीमियर लीग 5 अक्टूबर से
बरेली में 60.98 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार, कैंट पुलिस ने की कार्रवाई
बरेली में स्पा सेंटर की आड में अनैतिक गतिविधियों का धंधा फल फूल रहा ,ऐसा ही एक वीडियो सिग्नेचर स्पा सेंटर का वायरल