हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक पैथोलॉजी लैब संचालक पर 15 वर्षीय किशोरी से कथित दुष्कर्म का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, जबकि पुलिस जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, घटना हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र की है। पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया कि 13 जुलाई को वह इलाज के लिए एक क्लीनिक गई थी, जहां उसे ड्रिप चढ़ाई गई। आरोप है कि इसके बाद वह बेहोश हो गई और होश आने पर उसने खुद को बिना कपड़ों के पाया।
पीड़िता का आरोप है कि क्लीनिक से जुड़े पैथोलॉजी लैब संचालक प्रवीण ने उसकी बेहोशी का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घर पहुंचने के बाद किशोरी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद हाथरस जंक्शन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। अधिकारियों के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। साथ ही क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है तथा उपलब्ध होने पर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जाएगी।
फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच जारी है।


Related Posts
गोरखपुर : PUBG में 3 लाख रुपये हारे 11वीं के छात्र ने रची अपने अपहरण की झूठी कहानी, AI से बनवाई ‘खून से लथपथ’ फोटो
बरेली : समय पर राजस्व टीम पहुंचती तो कलेक्ट्रेट तक नहीं पहुंचता मामला, पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार
बरेली : सुरक्षा के साथ सम्मान भी: शेरगढ़ पुलिस ने कांवड़ियों को बांटी टी-शर्ट