
11 सितंबर को ड्यूटी से लौट रहे ASI जसवंत सिंह पर हुआ था हमला, पुलिस हिरासत से फरार होने के बाद आरोपी की तलाश में जुटी थीं टीमें
अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में ASI जसवंत सिंह पर फायरिंग के मामले में फरार चल रहे आरोपी करणबीर सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के मुताबिक, करणबीर ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी।
जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर को अजनाला थाने में तैनात ASI जसवंत सिंह ड्यूटी से घर लौट रहे थे। अजनाला-अमृतसर मुख्य मार्ग पर भल्ला पिंड के पास बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी थी। हमले में ASI घायल हुए थे।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी करणबीर सिंह को गिरफ्तार किया था, लेकिन वह बाद में पुलिस हिरासत से फरार हो गया। इसके बाद उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई थीं।
पुलिस को मिली थी आरोपी के छिपे होने की सूचना
पुलिस को इनपुट मिला था कि करणबीर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज की। पुलिस टीम को उसके अजनाला क्षेत्र के झंडेर इलाके में मौजूद होने की जानकारी मिली।
बताया गया कि पुलिस ने करणबीर को रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में करणबीर को गोली लगी और उसकी मौत हो गई।
मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी के हाथ में गोली लगने की भी जानकारी सामने आई है, जबकि दूसरे पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी।
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Posts
पंजाब : लुधियाना में सड़क धंसी तो खुली ‘विकास’ की पोल! 50 फीट गहरी खाई के किनारे खड़ा मकान, पंजाब सरकार से उठे सवाल
पंजाब : आर्थिक तंगी में उजड़ा परिवार: मां ने तीन बच्चों की हत्या के बाद फंदे से दी जान, इलाके में शोक
वैष्णो देवी जा रही ट्रेन में हादसा, 1200 यात्री सुरक्षित; लुधियाना स्टेशन पर दो हिस्सों में बंटी बोगी