
शिमला/किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बुधवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जब राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) पर स्थित लोहे का बेली ब्रिज अचानक ढह गया। हादसे के वक्त एक बजरी से लदा भारी-भरकम डंपर पुल से गुजर रहा था। पुल टूटते ही डंपर सीधे सतलुज नदी में जा गिरा। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार यह बेली ब्रिज किन्नौर को शिमला और लाहौल-स्पीति के काजा क्षेत्र से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग था। बताया जा रहा है कि डंपर में निर्धारित क्षमता से अधिक भार लदा हुआ था। जैसे ही वाहन पुल के बीच हिस्से में पहुंचा, पुल उसका भार सहन नहीं कर पाया और देखते ही देखते भरभराकर ढह गया।
गनीमत रही कि नदी में पानी का स्तर कम था और हादसे के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
वीडियो लिंक : https://www.instagram.com/reel/DZ9LlRWzFhF/?igsh=MWVmZ2ZkNmd5bGQ4aQ==
पुल के ध्वस्त होने के बाद प्रशासन ने एहतियातन इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है। घटना के चलते किन्नौर, शिमला और लाहौल-स्पीति के बीच संपर्क प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जा रही है।
मुख्य बिंदु:
- NH-5 पर किन्नौर में लोहे का बेली ब्रिज ढहा।
- पुल से गुजर रहा बजरी लदा डंपर नदी में गिरा।
- चालक सुरक्षित, केवल मामूली चोटें।
- ओवरलोडिंग को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा।
- तीन जिलों के बीच संपर्क प्रभावित, मार्ग बंद।

Related Posts