Categories

June 17, 2026

ऑपरेशन दहन: बरेली पुलिस ने नष्ट किए 173 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ

711 मामलों में जब्त 4632 किलो से ज्यादा नशीले पदार्थों का वैज्ञानिक तरीके से विनिष्टीकरण

बरेली। जनपद को नशामुक्त बनाने की दिशा में बरेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन दहन” अभियान के तहत 173 करोड़ 53 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण किया है। यह अभियान पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर 1 मार्च 2026 से 30 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज 711 अभियोगों से संबंधित 4632.5 किलोग्राम मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण कराया। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए मादक पदार्थों का अनुमानित बाजार मूल्य 173 करोड़ 53 लाख रुपये से अधिक है।

मादक पदार्थों के विनिष्टीकरण की प्रक्रिया न्यायालय एवं विभागाध्यक्ष की अनुमति प्राप्त करने के बाद तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलने उपरांत पूरी की गई। इसके बाद सभी जब्त मादक पदार्थों को परसाखेड़ा स्थित इंसिनरेटर प्लांट में वैज्ञानिक एवं पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए नष्ट किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • 173.53 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ नष्ट
  • 711 मुकदमों से संबंधित जब्त सामग्री का निस्तारण
  • 4632.5 किलोग्राम मादक पदार्थ किए गए नष्ट
  • परसाखेड़ा इंसिनरेटर प्लांट में हुआ विनिष्टीकरण
  • ऑपरेशन दहन के तहत बरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा युवाओं को नशे की लत से बचाना है।

एसपी नॉर्थ मुकेश मिश्रा ने बताया कि बरेली पुलिस की यह कार्रवाई जनपद को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

 

About The Author