Categories

June 29, 2026

पीलीभीत: पप्पू गुप्ता हत्याकांड का मुख्य आरोपी एक लाख का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर

 

पीलीभीत: पुलिस और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में चर्चित पप्पू गुप्ता हत्याकांड का मुख्य आरोपी शिवम उर्फ सरबजीत मारा गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए बदमाश की इलाज के दौरान मौत हो गई। मुठभेड़ में एक उपनिरीक्षक और एक मुख्य आरक्षी भी गोली लगने से घायल हुए हैं।

शनिवार रात करीब 10 बजे पीलीभीत के शीतलपुर मरोरी जंगल क्षेत्र में पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध बदमाश वहां पहुंचे। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया।


मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान एक लाख रुपये के इनामी शिवम उर्फ सरबजीत के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ हत्या, गैंगस्टर एक्ट सहित करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह 28 मई को बिलसंडा में हुए चर्चित पप्पू गुप्ता हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली लगने से एक उपनिरीक्षक और एक मुख्य आरक्षी घायल हुए, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है।

पुलिस ने मौके से .32 बोर की सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, .315 बोर की सीएमपी और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। फरार बदमाश की तलाश जारी है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

डीआईजी बरेली रेंज  अजय साहनी ने बताया कि “पीलीभीत पुलिस द्वारा 50 हजार रुपये तथा एडीजी स्तर से एक लाख रुपये का इनामी घोषित बदमाश शिवम पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। बरेली मंडल में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। जेल से बाहर आए अपराधियों की निगरानी भी कराई जा रही है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”

About The Author