Categories

September 13, 2026

यूपी की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने दिया इस्तीफा, 13 साल की प्रशासनिक सेवा को कहा अलविदा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया है। वह फिलहाल लखनऊ में राजस्व विभाग की विशेष सचिव के पद पर तैनात थीं। उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्य सचिव एसपी गोयल को भेजा है। रविवार सुबह सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्होंने अपने इस्तीफे की जानकारी साझा की।

दिव्या मित्तल 2013 बैच की IAS अधिकारी हैं और अपने सख्त कार्यशैली के लिए जानी जाती रही हैं। उन्होंने मिर्जापुर, बस्ती और देवरिया की जिलाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली। देवरिया में करीब दो साल डीएम रहने के बाद उनका तबादला लखनऊ किया गया था।

सही के साथ खड़ा होना विकल्प नहीं, कर्तव्य है’

इस्तीफे के बाद लिखी अपनी पोस्ट में दिव्या मित्तल ने 13 वर्षों की सेवा यात्रा को याद किया। उन्होंने लिखा कि उन्होंने IIT दिल्ली और IIM बेंगलुरु से पढ़ाई के बाद लंदन में नौकरी की, लेकिन अपने देश लौटकर सिविल सेवा में आने का फैसला किया।

 

उन्होंने लिखा कि “देवरिया ने सिखाया कि सही के साथ खड़ा होना विकल्प नहीं, कर्तव्य है।” वहीं मिर्जापुर का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा कि ‘असंभव’ कोई तथ्य नहीं, बल्कि सिर्फ एक राय है।

पहले IPS बनीं, फिर IAS में हुआ चयन

दिव्या मित्तल मूल रूप से हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली बताई जाती हैं। IIT दिल्ली से बीटेक और IIM बेंगलुरु से MBA करने के बाद उन्होंने लंदन में नौकरी की। इसके बाद पति गगनदीप सिंह के साथ भारत लौटकर UPSC की तैयारी शुरू की।

उन्होंने बिना कोचिंग के पहले प्रयास में UPSC परीक्षा पास कर IPS ज्वाइन किया और गुजरात कैडर मिला। इसके बाद उन्होंने IAS की तैयारी जारी रखी और अगले ही साल 2013 में IAS के लिए चयनित हुईं।

दिव्या मित्तल ने हाल ही में UPSC की तैयारी पर आधारित ‘द क्राफ्टेड जीनियस’ नाम की किताब भी लिखी है।

इस्तीफे की वजह स्पष्ट नहीं

दिव्या मित्तल ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में इस्तीफे की कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई है। हालांकि, उनके इस्तीफे के बाद अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल उनके इस्तीफे की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है।

About The Author