
मां ने बाकी आरोपियों पर भी कड़ी कार्रवाई और बुलडोजर कार्रवाई की मांग उठाई
गाजियाबाद । गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र के नवीन विहार में ईद के दिन हुए चर्चित सूर्य प्रताप चौहान हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है, जबकि मृतक सूर्य प्रताप चौहान के परिजनों ने इसे न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद से फरार चल रहे असद की तलाश लगातार की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें असद घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक सूर्य प्रताप चौहान की मां सरोज का कहना है कि केवल मुख्य आरोपी ही नहीं, बल्कि इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सभी दोषियों को कानून के अनुसार कठोर सजा मिले और उनके अवैध निर्माणों पर भी कार्रवाई की जाए।
परिजनों का कहना है कि सूर्य प्रताप की हत्या से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिवार अभी भी गहरे सदमे में है। क्षेत्र के लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की थी।
इस बीच, स्थानीय हिंदू संगठनों में भी घटना को लेकर आक्रोश देखा गया। संगठन के प्रतिनिधियों ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts
गोरखपुर : PUBG में 3 लाख रुपये हारे 11वीं के छात्र ने रची अपने अपहरण की झूठी कहानी, AI से बनवाई ‘खून से लथपथ’ फोटो
बरेली : समय पर राजस्व टीम पहुंचती तो कलेक्ट्रेट तक नहीं पहुंचता मामला, पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार
बरेली : सुरक्षा के साथ सम्मान भी: शेरगढ़ पुलिस ने कांवड़ियों को बांटी टी-शर्ट