Categories

November 22, 2026

किसान भगवान सिंह आत्महत्या मामला: गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति समेत चार नामजद, एक अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज

बरेली। बहेड़ी क्षेत्र के किसान सरदार भगवान सिंह की आत्महत्या के मामले में आखिरकार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति एवं रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. केपी सिंह समेत चार नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। वहीं, गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

मृतक किसान भगवान सिंह के परिजनों का आरोप है कि जमीन के विवाद और कथित धोखाधड़ी के चलते उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। परिवार का आरोप है कि उनकी करीब 12 एकड़ जमीन को धोखे से पत्नी और रिश्तेदारों के नाम बैनामा करा दिया गया था। इस मामले में मृतक ने अपने सुसाइड नोट में कई लोगों के नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाए थे।

कुलपति की पत्नी समेत इन लोगों के नाम एफआईआर में

पुलिस ने एफआईआर में प्रो. केपी सिंह, उनकी पत्नी संजेश, संजीव कुमार राठी और अनुज कुमार को नामजद किया है। इसके अलावा एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है।

परिजनों का कहना है कि भगवान सिंह ने अपने तीन पेज के सुसाइड नोट में अंकित, अरुण कुमार, रतन श्रीवास्तव, बहेड़ी के पूर्व नायब तहसीलदार शोभित चौधरी और सीओ पर भी प्रताड़ित करने तथा 10 लाख रुपये मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। परिवार इन आरोपों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।

40 घंटे तक मुकदमा दर्ज न होने पर अंतिम संस्कार से किया था इनकार

मामले में एफआईआर दर्ज होने में 40 घंटे से अधिक की देरी होने पर परिजनों ने किसान भगवान सिंह का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। परिवार की मांग थी कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और जमीन वापस उनके नाम कराई जाए। इसके बाद किसान संगठनों ने भी आंदोलन की चेतावनी दी थी।

पचपेड़ा गांव में पांच थानों की पुलिस तैनात

मामले की गंभीरता को देखते हुए पचपेड़ा गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। गांव में पांच थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। किसान संगठनों के पदाधिकारी और समर्थक भी गांव पहुंच रहे हैं। परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।

बेटे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांगा न्याय

मृतक किसान के वकील बेटे भाग सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि जिन लोगों की प्रताड़ना और कथित धोखाधड़ी के कारण उनके पिता की जान गई, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और परिवार को न्याय मिलना चाहिए।

तीन पेज के सुसाइड नोट में लगाए थे गंभीर आरोप

जानकारी के मुताबिक, 55 वर्षीय किसान सरदार भगवान सिंह ने शुक्रवार को उत्तराखंड के बाजपुर जाते समय जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। मौत से पहले लिखे तीन पेज के सुसाइड नोट में उन्होंने जमीन के कथित धोखाधड़ी से हुए बैनामे और कई लोगों द्वारा प्रताड़ित किए जाने के आरोप लगाए थे।

वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में शिकायत के आधार पर कुलपति समेत चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी उत्तरी संतोष सिंह ने पहले बताया था कि मामला न्यायालय में विचाराधीन था और कोर्ट के फैसले के आधार पर प्रक्रिया चल रही थी। पुलिस अब शिकायतों और लगाए गए आरोपों की जांच करेगी।

फिलहाल, एफआईआर दर्ज होने के बाद परिवार और किसान संगठनों की निगाहें पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

About The Author

You may have missed