Categories

June 13, 2026

व्यापारी संवाद कार्यक्रम में जीएसटी अनुपालन पर हुआ विस्तृत मंथन

बरेली । राज्य कर विभाग, खंड-4, बरेली द्वारा शुक्रवार को होटल अमाया, रामपुर गार्डन में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप आयुक्त राज्य कर श्री जितेन्द्र कुमार ने की। इस अवसर पर सहायक आयुक्त राज्य कर श्री अविरल मुद्गल एवं राज्य कर अधिकारी श्री अरुण कुमार बाजपेई सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, करदाता एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जीएसटी से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने समय से जीएसटी विवरणी दाखिल करने, इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) सुलह, ई-चालान अनुपालन तथा धारा-61 के अंतर्गत जांच प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी। साथ ही उपस्थित करदाताओं की समस्याएं और जिज्ञासाएं सुनकर उनका समाधान किया गया।

उप आयुक्त श्री जितेन्द्र कुमार ने कहा कि राज्य कर विभाग का उद्देश्य करदाताओं के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर स्वैच्छिक कर अनुपालन को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने व्यापारियों से समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान करदाताओं और विभागीय अधिकारियों के बीच सकारात्मक संवाद हुआ तथा विभिन्न कर संबंधी मुद्दों पर उपयोगी सुझाव भी प्राप्त हुए। विभाग ने इसे करदाता जागरूकता और अनुपालन बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

About The Author