Categories

June 13, 2026

वैष्णो देवी जा रही ट्रेन में हादसा, 1200 यात्री सुरक्षित; लुधियाना स्टेशन पर दो हिस्सों में बंटी बोगी

लुधियाना, पंजाब। नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जा रही दिल्ली–कटरा स्पेशल ट्रेन (04081) शनिवार सुबह लुधियाना रेलवे स्टेशन पर एक हादसे का शिकार हो गई। ट्रेन के स्लीपर कोच का एक हिस्सा अचानक तेज आवाज के साथ टूट गया, जिससे कोच अपने साथ वाले डिब्बे से अलग हो गया। घटना के समय ट्रेन स्टेशन से चलना शुरू ही हुई थी, इसलिए बड़ा हादसा टल गया और सभी करीब 1200 यात्री सुरक्षित रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज धमाके जैसी आवाज सुनते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग तुरंत डिब्बों से बाहर निकल आए। रेलवे अधिकारियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

लुधियाना के ADCP समीर वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तकनीकी खराबी का मामला प्रतीत होता है। ट्रेन के एस-2 कोच के वॉशरूम वाले हिस्से में दरार आने से कोच का एक पैनल टूट गया। अधिकारियों के अनुसार, यह वेल्डिंग फेलियर का मामला हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना किसी प्रकार का ब्लास्ट या विस्फोट नहीं थी।

फिरोजपुर मंडल के DRM संजीव कुमार ने बताया कि ट्रेन सुबह करीब 9 बजे स्टेशन पर रुकी थी और पांच मिनट बाद रवाना होते समय हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि प्रभावित डिब्बा लगभग 15 साल पुराना है, जबकि उसकी निर्धारित आयु 25 वर्ष होती है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है।

रेलवे ने एहतियात के तौर पर यात्रियों को बाहर निकालकर ट्रेन की जांच की। बाद में क्षतिग्रस्त कोच को अलग कर नए डिब्बे जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई, ताकि यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके।

ट्रेन में सवार यात्री अमित चौहान ने बताया कि ट्रेन के चलने के कुछ ही मिनट बाद तेज आवाज आई और लोग घबरा गए। उन्होंने कहा कि यदि यही घटना हाईस्पीड में होती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। हालांकि माता रानी की कृपा से सभी यात्री सुरक्षित हैं।

रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है और कहा है कि घटना की तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम कारण स्पष्ट हो सकेगा।

About The Author