Categories

June 13, 2026

15 से 21 जून तक योग सप्ताह मनाएगा बरेली, 21 जून को होगा मुख्य कार्यक्रम

बरेली । 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बरेली जनपद में 15 से 21 जून 2026 तक योग सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 जून को अर्बन हाट में योग सप्ताह का शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया जाए। वहीं 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम के लिए बरेली कॉलेज या स्पोर्ट्स स्टेडियम में से उपयुक्त स्थल का चयन शीघ्र किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला मुख्यालय, तहसील, विकास खंड, नगर निकाय, स्कूल-कॉलेज, आयुर्वेदिक एवं अन्य शिक्षण संस्थानों, जेलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों और टाउन एरिया स्तर तक विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से प्रतिदिन योगाभ्यास कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि लोग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हों।

जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय यूनानी अधिकारी को निर्देशित किया कि योग कार्यक्रमों में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जाए।

बैठक में क्षेत्रीय यूनानी अधिकारी अमर पाल सिंह, जिला होम्योपैथिक अधिकारी, योग संस्थान के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author