Categories

June 10, 2026

पीएम मोदी ने रचा इतिहास, नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा; बने सबसे लंबे समय तक निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के 12 वर्ष 14 दिन (4397 दिन) के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले मोदी ने 10 जून 2026 तक इस पद पर 4398 दिन पूरे कर लिए हैं और वह अब भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं।

एनडीए सरकार इस उपलब्धि को विशेष रूप से रेखांकित कर रही है। 10 जून को एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और सहयोगी दलों की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर चर्चा होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू इस संबंध में एक प्रस्ताव रख सकते हैं, जिसका सहयोगी दल समर्थन करेंगे।

पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 13 मई 1952 को पहली निर्वाचित सरकार के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। वह लगातार 4397 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहे। हालांकि नेहरू 15 अगस्त 1947 से प्रधानमंत्री थे, लेकिन 1952 के पहले आम चुनाव तक वह अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में कार्यरत थे।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री और भारत के प्रधानमंत्री के रूप में अपने संयुक्त कार्यकाल को मिलाकर 10 जून 2026 तक लगभग 9010 दिनों से अधिक समय तक सत्ता में रहने वाले भारत के पहले नेता बन चुके हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन चामलिंग के नाम था।

प्रधानमंत्री मोदी भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक शासन करने वाले पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी हैं। इसके साथ ही, जवाहरलाल नेहरू के बाद वह दूसरे ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने लगातार तीन लोकसभा चुनाव (2014, 2019 और 2024) जीतकर तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह उपलब्धि भारतीय लोकतंत्र में लगातार जनसमर्थन, राजनीतिक स्थिरता और दीर्घकालिक नेतृत्व का महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है।

About The Author