
बरेली । जनपद बरेली में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बारादरी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी में संलिप्त एक संगठित गिरोह को माफिया के रूप में चिन्हित किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना मनोज कुमार जायसवाल समेत पांच लोगों को जनपद स्तरीय माफिया घोषित किया है।
पुलिस के अनुसार मनोज कुमार जायसवाल निवासी ग्रीन पार्क कॉलोनी, बीसलपुर रोड, थाना बारादरी अपने चार साथियों के साथ मिलकर आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से अवैध शराब तस्करी का संगठित नेटवर्क संचालित कर रहा था। जांच में गिरोह की गतिविधियां कानून-व्यवस्था एवं जनहित के लिए प्रतिकूल पाए जाने पर उसके विरुद्ध कार्रवाई की गई।
माफिया चिन्हीकरण संख्या म-17/2026 के अंतर्गत चिन्हित इस गिरोह में मनोज कुमार जायसवाल के अलावा अशोक दीक्षित, अजय जायसवाल, अरुण कुमार पाण्डेय तथा संजय कुमार को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। गिरोह को शराब तस्कर माफिया श्रेणी में जनपदीय स्तर पर चिन्हित किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरोह के कई सदस्यों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम, आईटी एक्ट, धोखाधड़ी तथा गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने गिरोह की आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, अवैध संपत्तियों की जांच करने तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
बरेली पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध, अवैध शराब तस्करी और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Posts
बरेली : स्वर्गीय प्रोफेसर श्याम बिहारी स्मृति प्रीमियर लीग 5 अक्टूबर से
बरेली में 60.98 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार, कैंट पुलिस ने की कार्रवाई
बरेली में स्पा सेंटर की आड में अनैतिक गतिविधियों का धंधा फल फूल रहा ,ऐसा ही एक वीडियो सिग्नेचर स्पा सेंटर का वायरल